15 जनवरी को हरियाणा पधारेंगे भाजपा के हाईकमान अमित शाह

1/9/2018 8:32:45 PM

चंडीगढ़(धरणी): भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह इस समय देश के सभी राज्यों में दूसरे चरण के दौरे पर हैं। दौरे पर निकले अमित शाह हरियाणा में 15 जनवरी को पधार सकते हैं। अमित शाह के इस दौरे की जानकारी परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने दी है। उन्होंने यह भी बताया कि, आने वाले महीने में महान संतों की जयंतियां मनाने का निर्णय भाजपा सरकार ने लिया, और इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।

कृष्णलाल पंवार ने बताया कि 28 जनवरी को कैथल और 4 फरवरी को भिवानी में गुुरु रविदास जयंती आयोजित की जायेगी। जिसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि कि राज्य सरकार ने महर्षि वाल्मीकि, संत कबीर, डॉ. भीम राव अम्बेडकर तथा गुरु रविदास जैसे महापुरुषों की जयंतियां सरकारी तौर पर मनाने का निर्णय लेकर इन महान संतों को सच्ची श्रद्घांजलि देने का काम किया है।

भाजपा लाएगी विकास कार्यों में तेजी: पंवार
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि साल 2018 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार युद्ध स्तर पर काम करती नजर आएगी, पूरे प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार विकास कार्यों में तेजी लाएगी।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर यह साबित कर दिया है कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल के नेतृत्व में किसी भी विधानसभा में कोई पक्षपात नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि, मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश में 4100 घोषणाएं की हैं जिसमें से करीब 3600 घोषणाओं को पूरा किया जा चुका है और बाकी बची हुई घोषणाओं पर कार्य जारी है।