IT क्षेत्र में जम्मू कश्मीर को मिलेगा हरियाणा का सहयोग, दोनों राज्यों ने MOU पर किए हस्ताक्षर

11/27/2022 8:15:57 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी):  हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज जम्मू में आयोजित राष्ट्रीय सुशासन सम्मेलन में शिरकत की।  इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जम्मू सरकार के साथ आईटी क्षेत्र में एक एमओयू भी साइन किया। इस मौके पर जम्मू के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी मौजूद रहे। 

 

मनोहर लाल ने अपने संबोधन में कहा कि मैं आज एक बदलते जम्मू कश्मीर का गवाह बन रहा हूं। उन्होंने जम्मू के साथ अपने गहरे संबंध को याद करते हुए कहा कि इस क्षेत्र से वे अनजान नहीं हैं, बल्कि यहां से उनका पुराना नाता रहा है। इस क्षेत्र में संगठन से जुड़े कई कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि आज का युग सूचना प्रौद्योगिकी का है और इसके उपयोग से व्यवस्था परिवर्तन करते हुए सुशासन लाने की दिशा में हम प्रयासरत हैं।  

 

 

आम जनता तक सरकार की योजनाएं पहुंचाने में तकनीक सबसे बेहतरीन साधन: सीएम

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि ई-गवर्नेंस का मतलब एफिशिएंसी गवर्नेंस है। सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद व्यक्ति को मिले, यही एक कल्याणकारी राज्य का सही अर्थ है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक प्रणाली में डिजिटलीकरण ने सुनिश्चित किया है कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थी तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि आम जनता तक सरकार की स्कीमें पहुंचाने में तकनीक सबसे बेहतरीन साधन है। हरियाणा सरकार तकनीक का इस्तेमाल कर सिस्टम में पारदर्शिता लेकर आई है। राज्य में सार्वजनिक सेवा वितरण प्रणाली को व्यवस्थित करने के लिए हमने आईटी हस्तक्षेप को बढ़ावा दिया है और आज हरियाणा ने डिजिटल पहलों के मामले में अपना एक अलग मुकाम बनाया है। 

 

 

हरियाणा सरकार जम्मू-कश्मीर सरकार का करेगी पूरा सहयोग : सीएम

 

मनोहर लाल ने कहा कि संतुलित विकास के लिए एक राज्य को अन्य राज्यों की सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाने की आवश्यकता है। इसी दिशा में हरियाणा सरकार जम्मू-कश्मीर सरकार की आवश्यकताओं को पूरा करने में उनका पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार आज के युग में तकनीक में तीव्र गति से बदलाव होता है। नई नई तकनीक आती है। इन्हीं बदलती तकनीकों के कारण हर रोज चुनौतियों भी पैदा हो रही  हैं, जिनके समाधान के लिए मंथन करने की आवश्यकता है। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

 

Content Writer

Gourav Chouhan