अनाज मंडी में जाम से परेशान मजदूरों का फूटा गुस्सा

11/1/2019 12:48:26 PM

कैथल (गौरव) : नई अनाज मंडी में जाम लगने के कारण मजदूरों ने हड़ताल कर दी। मजदूरों ने आरोप लगाया कि मंडी में 2 एसोसिएशन होने के कारण जाम की स्थिति बनी हुई है और जिला प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। मजदूर इस मामले में जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करके मार्कीट कमेटी के सचिव दलेल सिंह से भी मिले। मजदूरों द्वारा की हड़ताल व प्रदर्शन की सूचना पाकर थाना शहर प्रभारी प्रदीप कुमार व चौकी इंचार्ज रणवीर सिंह भी मंडी पहुंचे।

मंडी प्रधान कृष्ण मित्तल, थाना प्रभारी प्रदीप कुमार व चौकी इंचार्ज रणवीर सिंह ने आश्वासन दिया कि 5 बजे के बाद 11 बजे तक कोई भी किसान की ट्राली मंडी में प्रवेश करने नहीं दी जाएगी। मजदूरों ने कमेटी सचिव से सड़कें खाली करवाने को कहा। इन आश्वासनों के बाद मजदूरों ने दोपहर बाद हड़ताल खोल दी। तब जाकर आढ़तियों ने राहत की सांस ली।

प्रदर्शन करने वाले मजदूरों में प्रधान बलवंत, राजकुमार, कृष्ण, तरसेम, रामकुमार, लीला आदि ने बताया कि हर वर्ष 4 से 12 बजे तक किसानों की ट्रालियां मंडी से बाहर रोकी जाती थीं क्योंकि इस समय मंडी से खरीद किए धान का लदान होता था। अब की बार मंडी में 2 प्रधान बने हुए हैं और कोई भी इस नियम पर अमल नहीं कर रहा। इसके चलते किसान हर समय अनाज की ट्रालियां मंडी में लाते हैं और सड़कों पर ढेरियां लगा चले जाते हैं।

किसानों की ट्रालियां मंडी में बढऩे के कारण खरीद किए धान का लदान नहीं हो रहा और मंडी में पैर रखने की जगह नहीं है। जिला प्रशासन व मार्कीट कमेटी के सचिव भी सड़कों पर धान डालने से नहीं रोक रहे। यदि सड़कों पर धान की ढेरियां होंगी तो वे लदान कैसे करेंगे। प्रतिवर्ष मंडी के चारों ओर किसानों की ट्रालियां मंडी से बाहर रोकने के लिए जिला पुलिस का भी सहयोग मिलता था परंतु वह भी अब सहयोग नहीं कर रहा।

Isha