विज को भाया जेटली का बजट, कहा- हर वर्ग का रखा पूरा ध्यान

2/1/2018 5:57:41 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को जेटली का बजट खूब भाया है जिसकी उन्होंने खुले दिल से प्रशंसा भी की है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए विज ने इस आम बजट को ऐतिहासिक और लोक हितैषी बजट करार दिया है। विज ने कहा कि ये बजट बहुत शानदार इसमें हर वर्ग का पूरा ध्यान रखा गया है। विशेष तौर पर किसान की उपज का एमएसपी को डेढ़ प्रतिशत रखने का जो प्रावधान किया गया वह बहुत ही स्वागत योग्य है। हेल्थ के लिए भी ये बजट शानदार है जिसमें तकरीबन 50 करोड़ लोगों को इसमें कवर किया जायेगा। 5 लाख रुपए का फैमिली कवर देने का सरकार ने जो फैसला किया है वह भी ऐतिहासिक कदम है। हरियाणा के आने वाले प्रस्तावित बजट पर बोलते हुए विज ने कहा कि सरकार ने हेल्थ और खेल के क्षेत्र में शानदार काम किए हैं जो आगे भी जारी रहेंगे। 

विज ने अपने राजनीतिक विरोधियों को भी घेरा। विज ने कांग्रेस के सम्राट राहुल गांधी और इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला को नसीहतों का पाठ पढ़ाया और सम्भलकर बोलने की सलाह दी। राहुल गांधी द्वारा आरएसएस में महिलाओं की भर्ती पर एक बार फिर सवाल खड़े करते हुए महात्मा गांधी से प्रेरणा लेने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को नरसिम्हा राव की किताब भी पढ़नी चाहिए। जिसमें लिखा गया है कि कांग्रेस में महिलाओं की भर्ती किस मकसद से की जाती है। 

विज ने इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला द्वारा भाजपाइयों के गाय प्रेम पर उठाए गए सवाल पर विज ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने गाय पाली हुई है। दिग्विजय चौटाला अभी बच्चा है बोलने से पहले उसे सोचना चाहिए। कश्मीर के नेता जूनियर मुफ़्ती द्वारा दिए गए विवादित बयान पर बोलते हुए विज ने कहा अब ये लोग अलग पाकिस्तान की मांग कर रहे है जो इन्हें 1947 में उठानी चाहिए थी। ये उस वक्त वहां क्यों नहीं गए। उन्होंने 1947 में अपना हिस्सा ले लिया है अब ये ऐसे बयान देकर देश को बांटने का प्रयास कर रहे हैं।