मजदूरों के पलायन के लिए मिल मालिक दोषी: अनिल विज, राहुल गांधी को भी दिया जवाब

3/30/2020 4:53:45 PM

अम्बाला: हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने पलायन कर रहे मजदूरों के लिए मिल मालिकों को दोषी बताया है। उन्होंने कहा कि यदि मिल मालिक उन्हें रोटी नहीं खिला सकते थे तो सरकार को कहना था। सरकार उनकी रोटी का इंतजाम करती। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा मोदी सरकार पर निशाना साधने के बाद हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने उन्हें जवाब दिया है। विज ने कहा कि ये छिलके उतारने का समय नहीं है। ये राष्ट्रीय आपदा है। सबको इसमें मिलकर चलना चाहिए। राहुल गांधी के पास कोई सुझाव है तो दें, हम मानेंगे। एक-दूसरे की टांग खींचने का समय नहीं है। 

लोगों के सहयोग के बिना कामयाब नहीं होगा लॉकडाउन
निल विज ने लॉकडाउन के लिए जनता से आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग के बिना ये कामयाब नहीं होगा। लोगों को सहयोग करना पड़ेगा। तभी ये कामयाब होगा। हरियाणा छोड़कर जा रहे प्रवासी मजदूरों से अनिल विज ने प्रार्थना की है कि वे हमारे मित्र हैं। हम उनकी सारी व्यवस्था करेंगे। अगर लोग ऐसे ही जाते रहेंगे तो पीएम मोदी अपने मकसद में कामयाब नहीं होंगे। 

अम्बाला में मिले पॉजिटिव केस पर पंजाब सरकार को किया सूचित
शनिवार को अम्बाला में भर्ती हुए पंजाब के युवक का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आने पर विज ने कहा कि उन्होंने पंजाब सरकार को सूचित कर दिया है। पंजाब सरकार को कहा गया है कि वे जहां-जहां युवक गया है, उस जगह को सेनिटाइज करवाए। युवक के संपर्क में आए लोगों की भी जांच की जाए। 

Shivam