कृति सेनन के बयान का समर्थन करने पर भड़के Anil Vij, बोले- राहुल गांधी को भारत के धर्म, संस्कृति और संस्कार की क्या जानकारी है

punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 04:24 PM (IST)

अंबाला (अमन कपूर) : राहुल गांधी द्वारा कृति सेनन के बयान का समर्थन किए जाने पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने राहुल गांधी पर तीखा तंज कसा है। अनिल विज ने कहा कि भारत में महिलाओं को अपनी पसंद के कपड़े पहनने की पूरी आजादी है, लेकिन धर्म, संस्कृति और परंपराओं का सम्मान भी जरूरी है।

कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि भारत में महिलाओं को कपड़े पहनने की पूरी आजादी है, लेकिन इसके साथ ही हमें अपने धर्म और परंपराओं का सम्मान भी रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि राखी भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का त्योहार है और इस मौके पर किस तरह की पोशाक होनी चाहिए, यह देश की बहनें अच्छी तरह जानती हैं। इसी दौरान अनिल विज ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उनकी धार्मिक पृष्ठभूमि को लेकर टिप्पणी की और कहा कि राहुल गांधी पारसी हैं, इसलिए उन्हें भारत के धर्म, संस्कृति और संस्कार की क्या जानकारी है।

  वहीं, देश में चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस द्वारा चंडीगढ़ में चीनी का लंगर लगाए जाने पर भी अनिल विज ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चीनी की कीमतों को लेकर केंद्र सरकार ने संज्ञान लिया है और विदेशों से बड़ी मात्रा में चीनी का आयात किया गया है। उनका दावा है कि इससे जल्द ही चीनी के दाम सामान्य होने की उम्मीद है। 

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस को अपने शासनकाल को भी याद करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय चीनी डिपो के माध्यम से मिलती थी और उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में लगना पड़ता था। अनिल विज ने कहा कि वह खुद भी अपने घर के लिए चीनी लेने के लिए लाइन में लगे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि उसे अपने शासनकाल की स्थिति भी देखनी चाहिए।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

static