अनिल विज ने दिल्ली में रेलमंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से की मुलाकात

1/8/2019 11:12:17 AM

अम्बाला छावनी(ब्यूरो): हरियाणा प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने सोमवार को दिल्ली में रेलमंत्री पीयूष गोयल तथा केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से अलग-अलग मुलाकात की। विज ने रेलमंत्री से अम्बाला छावनी में 3 क्रॉसिंग मच्छौंडा और नन्हेड़ा में ऊपरमार्गी पुल व गांव शाहपुर मे अंडरब्रिज शीघ्र बनाने का अनुरोध किया। इस पर रेलमंत्री ने इसे शीघ्र बनाए जाने संबंधी अधिकारियों को मौके पर आदेश दिए। 

अनिल विज ने बताया कि उन्होंने इसके लिए हरियाणा सरकार की तरफ  से अपने हिस्से का 50 प्रतिशत पैसा पहले ही जमा करवा दिया है और इसके लिए उन्होंने अनापत्ति-पत्र भी जारी करवा दिया है। अम्बाला-साहा मार्ग चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र आरंभ करने के लिए उन्होंने नितिन गडकरी से मांग की, जिसे सड़क परिवहन मंत्री ने मौके पर अधिकारियों को इसके टैंडर अतिशीघ्र लगाने के आदेश जारी किए।

मनु भाकर के पिता ने मानी गलती, मेरी तरफ से विवाद खत्म : विज
हरियाणा के खेल मंत्री अनिल विज और शूटर मनु भाकर के बीच चल रहे विवाद पर विराम लग गया है। मंत्री विज ने ट्वीट किया कि मनु के पिता रामकिशन ने एक चैनल पर चर्चा के दौरान मनु की ओर से किए ट्वीट और उसकी भाषा को लेकर गलती मान ली है। अब यह मामला समाप्त है। गौरतलब है कि यूथ ओलिम्पिक गेम्स की गोल्ड मैडलिस्ट मनु ने अवार्ड मनी को लेकर ट्वीट किया था, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया था। 2 करोड़ की प्राइज मनी को लेकर मनु के सवाल से विवाद पैदा हुआ था। विपक्षी दलों के विवाद में कूदने के बाद राज्य सरकार बैकफुट पर आ गई और मंत्री विज ने तुरंत मनु को 2 करोड़ देने का ऐलान कर दिया था।