4 दिन के कड़े संघर्ष के बाद बेस कैंप पहुंची पर्वतारोही अनीता कुंडू, परिजनों ने ली राहत की सांस

5/15/2021 4:51:11 PM

डेस्क: 4 दिन के कड़े संघर्ष के बाद हरियाणा की पर्वतारोही अनीता कुंडू शुक्रवार को अपने बेस कैंप पहुंच गई। बेस कैंप पहुंचने का संदेश जैसे ही उनके परिजनों के मिला तो उन्होंने राहत की सांस ली। क्योंकि पिछले 4 दिन से अनीता का परिजनों के साथ संपर्क नहीं पाया था, जिससे परिजनों को उनकी चिंता सता रही थी। 

अनीता कुंडू के परिजनों ने कहा कि कंपनी के अधिकारियों ने बताया था कि खराब मौसम के कारण चोटी पर सैटेलाइट काम नहीं कर रहा है। जिसके चलते पर्वतारोहियों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। लेकिन देर रात अनीता के बेस कैंप पहुंचने का संदेश मिला। 

बता दें कि अनीता कुंडू 10 अप्रैल को नेपाल गई थीं और 21 अप्रैल को नेपाल की 6119 मीटर ऊंची चोटी माउंट लोबुचे को फतेह किया था। वहां से नीचे आने के बाद दूसरी तरफ एवरेस्ट/ल्होट्से के बेस कैंप में पहुंची थीं। इसकी ऊंचाई 5400 मीटर है। यहां से अनीता ने सफल रोटेशन किया और वे 7300 मीटर तक जा कर वापस बेस कैंप आई थीं। अगर मौसम साथ देता तो वह इस चोटी को गुरुवार को फतह कर लेतीं।

अनीता 12 साल से पर्वतारोहण के साहसिक खेल को खेल रही है। उन्होंने हिंदुस्तान की अनेकों चोटियों को फतेह करते हुए दुनियां की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को तीन बार फतेह किया है। वे नेपाल और चीन दोनों ही रास्तों से माउंट एवरेस्ट को फतेह करने वाली हिंदुस्तान की प्रथम बेटी है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 
 

Content Writer

vinod kumar