दिल्ली के रामलीला मैदान में अन्ना हजारे का आंदोलन आज से शुरू

3/23/2018 6:28:08 PM

बहादुरगढ़(प्रवीण धनखड़): किसानों की समस्याओं के समाधान, भ्रष्टाचार और लोकपाल के मुद्दे को लेकर समाजसेवी अन्ना हजारे एक बार फिर से आंदोलन की राह पर हैं। दिल्ली के रामलीला मैदान में अन्ना हजारे आज से सत्याग्रह शुरू कर रहे हैं। बहादुरगढ़ से भी अन्ना को समर्थन देने के लिए युवाओं के साथ किसानों की टीम रवाना हुई है। अन्ना टीम के सदस्य वीरेंद्र पहलवान के साथ शहर की छोटूराम धर्मशाला से किसानों और युवाओं ने दिल्ली का रुख किया। किसानों ने सबसे पहले किसान मसीहा सर छोटूराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उसके बाद वंदे मातरम और सर छोटूराम के जयकारे लगाते हुए दिल्ली की तरफ रवाना हुए।

समाज सेवी वीरेंद्र पहलवान ने कहा कि सरकार किसानों के साथ हर बार धोखा करती आई है लेकिन इस बार किसानों के साथ धोखा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार अन्ना का आंदोलन किसी आश्वासन से खत्म नहीं होगा बल्कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे। 

उन्होंने कहा, इस देश का किसान कर्ज के तले दबा हुआ है, आत्महत्या कर रहा है तथा किसान की फसल का भाव नहीं मिल रहा है, लेकिन उसके बावजूद सरकार किसान की समस्या का समाधान नहीं करती। उन्होंने कहा किसान अब महज वोट बैंक बनकर नहीं रहेगा, बल्कि किसान इस देश का पेट पाल सकता है, तो सरकार भी बदल सकता है।

Punjab Kesari