योग दिवस पर शिक्षा मंत्री  का ऐलान,  जल्द भर्ती किए जाएंगे योग टीचर

6/21/2021 10:54:03 AM

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता): यमुनानगर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के शिक्षा एवं वन मंत्री सहित यमुनानगर के विधायक घनश्याम  दास अरोड़ा,भाजपा नेता एवं अधिकारी शामिल हुए। यमुनानगर के तेजली खेल परिसर में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई थी। शिक्षा मंत्री कवर पाल गुर्जर, यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा सहित अन्य अधिकारियों व नेताओं  ने योग की कई क्रियाएं की।

इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए कवर पाल गुर्जर ने कहा कि योग प्राचीन विद्या है हमारे ऋषि-मुनियों ने इसकी खोज की थी। अब बाबा रामदेव ने इसको काफी आगे बढ़ाया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने  पूरी दुनिया में इसका प्रचार प्रसार किया। अब यह एक देश नहीं बल्कि पूरी दुनिया में लोकप्रिय हो चुका है।

वहीं शिक्षा मंत्री ने बताया की नैतिक शिक्षा में भी योग को पाठ्यक्रम में जोड़ा जा रहा है ताकि विद्यार्थी नियमित अभ्यास करें ।उन्होंने जानकारी दी कि गांव में स्थापित व्यामशालाओं के रखरखाव एवं लोगों को योग की विधियां बताने के लिए योग टीचर भर्ती किए जा रहे हैंं। उन्होंने बताया कि  सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों के दाखिले की प्रक्रिया जारी है जो 23 जून तक पोर्टल पर अपलोड हो जाएंगे। और उसके बाद कितने विद्यार्थी नए दाखिल हुए उसकी सही जानकारी सामने आएगी। इस कार्यक्रम में जहां भाजपा नेता शामिल हुए वहीं विभिन्न विभागों के अधिकारी भी इस योग दिवस में शामिल हुए और उन्होंने योग की विभिन्न क्रियाएं की।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Isha