नहीं थम रहा किसानों की मौत का सिलसिला, सिंघु बॉर्डर पर एक और आंदोलनकारी ने तोड़ा दम

1/3/2021 1:43:47 PM

सोनीपत (पवन राठी): सिंघु बॉर्डर पर तीन कृषि कानूनों के खिलाफ लगातार किसानों का आंदोलन जारी है, लेकिन इसमें लगातार दुखद खबर भी सामने आ रही हैं। यहां किसानों के मौत का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। पंजाब के संगरूर के रहने वाले किसान शमशेर सिंह की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। सिंघु बॉर्डर पर अभी तक 9 किसान दम तोड़ चुके हैं। 



इस बारे जानकारी देते हुए पंजाब के संगरूर के कर्म सिंह ने बताया कि शमशेर सिंह की छाती में दर्द था, जिसके बारे में दवा ले ली थी, लेकिन उसके बाद उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और मौत हो गई। उसके परिवार में दो लड़की और एक लड़का है। शमशेर सिंह 2 एकड़ की जमीन पर खेती करके परिवार का गुजारा चलाता था।

मृतक शमसेर कुछ दिन पहले यहां पर आया था, वह उसे पहले भी आता जाता रहा है। किसी काम को लेकर घर गया था और चार-पांच दिन पहले ही सिंघु बॉर्डर पर लौटा था। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की मांगों को मान लेना चाहिए। यह जो मौतें हो रही हैं, उसकी जिम्मेदार केंद्र सरकार है। क्योंकि अपनी मांगों को लेकर किसान सिंघु बॉर्डर पर बैठे हुए हैं। 



वहीं इस बारे कुंडली थाना के पुलिस जांच अधिकारी शमशेर ने बताया कि मृतक किसान सिंघु बॉर्डर पर आंदोलन में आया हुआ था। रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि शव को सोनीपत के सिविल अस्पताल में लाया गया है, यहां पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

वहीं इससे पहले कुंडली बॉर्डर पर किसान आंदोलन में शामिल एक और किसान की मौत हो गई। मृतक किसान कुलबीर (45) गोहाना के गंगाना गांव का रहने वाला था, उसकी मौत कुंडली बॉर्डर पर पारकर मॉल के नजदीक हुई। परिजनों के मुताबिक कुलबीर की मौत ठंड से हुई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। 

vinod kumar