रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल जारी, कहा- कोई भी कुर्बानी देने से नहीं हटेंगे पीछे

10/17/2018 4:07:37 PM

चंडीगढ़: सरकार के खिलाफ प्रदेशभर के रोडवेज कर्मचारियों का गुस्सा बढ़ता ही जा रहा है। कर्मचारी एक तरफ जहां हड़ताल पर बिफरे नजर आए। वहीं उन्होंने रोडवेज के बेड़े में शामिल होने वाली 720 बसों को न शामिल किए जाने की धमकी दी है। कर्मचारियों ने सरकार को खुली चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानी, तो वह अपनी मांगें मनवाने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। 

भिवानी(अशोक भारद्वाज): एंटक के प्रधान व रोडवेज महासंघ के पूर्व प्रधान बलदेव सिंह घणघस ने कहा कि हरियाणा सरकार रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल को फेल करना चाहती है। लेकिन यह हड़ताल फेल नही होगी बल्कि अब अन्य यूनियने भी रोडवेज कर्मचारियो के साथ खड़ी होगी। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रामक प्रचार करके रोडवेज का घाटा दिखाकर रोडवेज को निजी हाथों में देना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सरकार गुजरात के ठेकेदारों को हरियाणा में बुलाकर यह प्राईवेट बसों के ठेके उन्हें देना चाहती है। 

उन्होंने कहा कि वर्ष 1993 में जब चौधरी भजनलाल की सरकार थी, उस समय भी हड़ताल हुई थी। उस समय भी कर्मचारी नही झूके थे तथा हड़ताल जारी रखी। बाद में सरकार को ही झूकना पड़ा और वह सरकार भी दोबारा नही बनी। बलदेव घणघस ने यह भी कहा कि दो दिन से प्रदेश में चल रही रोडवेज की हड़ताल पूर्ण रुप से सफल है। कुछ बसें चल रही है लेकिन उन्हें रोडवेज के कर्मचारी नहीं बल्कि पुलिस के कर्मचारी चला रहे है। जिससे रोडवेज को अधिक नुकसान भी झेलना पड़ेगा।

यमुनानगर(सुमित ओबरॉय): यमुनानगर में दूसरे दिन रोडवेज पहिये की रफ्तार थमी रही। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।  एस्मा के डर और प्रशासन की सख्ती के बाद गिनती की कुछ ही बसें चल पाई है। अगर दोपहर की बात की जाए तो इस वक्त तक 70 से अधिक रोडवेज की बसें अपने रूटों पर होती है। वही डीएसपी हेड क्वाटर रणधीर सिंह ने बताया कि हड़ताल के चलते पूरे पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हड़ताल को देखते हुए आज सीएम मनोहर लाल खट्टर ने परिवहन मंत्री के साथ मीटिंग की। ऐसे में देखना होगा कि इस बैठक के बाद क्या निष्कर्ष निकलकर आएगा।

पानीपत(अनिल कुमार): प्रदेश भर में रोडवेज कर्मचारियों ने दो दिवसीय हड़ताल का आगाज किया था। बीते रोज जंहा पानीपत में रोडवेज कर्मी बस स्टेण्ड के गेट पर धरने पर डटे थे। वंही आज सुबह हुई कार्यवाही की सूचना पाकर सभी पदाधिकारी नदारद मिले। पानीपत में रोडवेज जीएम एस पी पंवार ने एस्मा के तहत धरना दे रहे 192 कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि लोगों की परेशानी को देखते हुए बसों को बाहर निकलना शुरू कर दिया गया है। 

फतेहाबाद(रमेश भट्ट): फतेहाबाद से दूसरे दिन एक भी बस डिपो से नहीं निकल पाई। वहीं दूसरी तरफ रोडवेज विभाग ने हड़ताल पर गए कर्मचारियों पर सख्ती के बरतते हुए कर्मचारियों को टर्मिनेशन के नोटिस जारी करने शुरू कर दिए हैं। फतेहाबाद रोडवेज जीएम ने बताया कि हड़ताल पर गए कर्मचारियों को वापिस काम पर लौटने के लिए कहा गया लेकिन अब जो कर्मचारी काम पर नहीं लौटे हैं।  जीएम ने बताया कि फतेहाबाद जिले में हड़ताल पर गए 57 कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है।

रेवाड़ी(मोहिंद्र भारती): हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल आज दूसरे दिन भी जारी रही। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रोडवेज ने आज रेवाड़ी डिपो से 43 बसों को रवाना किया। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि इन बसों में से सिर्फ दो बसों में ही सरकारी कंडक्टर थे। जबकि 7 अन्य बसों में पुलिस के जवानों को टिकट काटने के लिए लगाया गया। इसके अलावा सरकार ने 2 दिनों से हो रही किरकिरी के चलते बाकी बसों को मुफ्त यात्रा के लिए रवाना कर दिया।

Rakhi Yadav