कब्रिस्तान में गड़े मुर्दे खोद रहे असामाजिक तत्व, मुस्लिम समाज में रोष, तंत्र-मंत्र की आशंका

2/1/2020 8:10:58 PM

हथीन (ब्यूरो): मिंडकोला रोड स्थित इस्लामी कब्रिस्तान में असामाजिक तत्वों द्वारा एक कब्र को खोद दिया गया। इससे मुस्लिम समाज के लोग एकत्रित हो गए और रोष प्रकट किया। स्थानीय पुलिस को भी सूचित किया गया। सूचना मिलने पर शहर पुलिस चौकी प्रभारी टेकसिंह डागर व नगरपालिका चेयरमैन सुमित राजपूत भी घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को शांत किया तथा भरोसा दिलाया कि जो भी इसमें शरारती तत्व पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। 

इससे एक सप्ताह पूर्व भी इसी कब्रिस्तान में हाजी कल्लू उर्फ रमजान की भी कब्र खुदी हुई मिली थी। लेकिन उस समय इसे नजरअंदाज कर दिया गया था, और गंभीरता से नही लिया गया था। शनिवार की सांय करीब 4 बजे शाहरुख , रफीक और इस्सू कब्रिस्तान में अपनी दादी जानो पत्नी जागन निवासी हथीन की कब्र को देखने व दुआ पढऩे के लिए जब वहां गए तो यह देख हैरान रह गए कि जानो की कब्र खुदी पड़ी है। 

कब्र खुदी देख उन्होंने अपने परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजनों के अलावा सैंकडों मुस्लिम लोग वहां एकत्रित हो गए व रोष प्रकट किया। कब्रिस्तान में शराब की खाली बोतल, गिलास व पानी की खाली थैली भी पड़ी हुई मिली। आशंका व्यक्त की जा रही है कि किसी शरारती तत्व ने जादू टोना अथवा तंत्र मंत्र क्रिया करने केलिए इस घटना को अंजाम दिया है।

Shivam