Rohtak Firing: होटल के बाहर हमलावरों से हुई बहस, 2 दोस्तों को मारी गोली

2/13/2024 8:19:01 AM

रोहतक (दीपक भारद्वाज) : रोहतक जिले के सुखपुरा चौक पर दो दोस्तों पर फायरिंग करने की वारदात सामने आई है। वहीं वारदात का पता लगते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इधर गोली लगने से घायल हुए युवकों को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती करवाया गया। जिसके बाद उन्हें निजी हस्पताल में ले जाया गया। फायरिंग की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल हमला करने वाले अज्ञात हैं।

2 दोस्तों को मारी गोली

घायलों की पहचान गांव खिड़वाली निवासी करीब 27 वर्षीय अजय हुड्डा व राजीव कॉलोनी निवासी करीब 25 वर्षीय शिव के रूप में हुई है। दोनों का फिलहाल उपचार चल रहा है। दोनों युवक शिव व अजय हुड्डा रात को सुखपुरा चौक स्थित एक होटल में पार्टी कर रहे थे। रात को पार्टी के बाद घर जाने के लिए होटल से बाहर आए। होटल के सामने रोड पर खड़ी अपनी गाड़ी के पास जब वह पहुंचे तो उनकी वहां पहले से खड़े कुछ युवकों के साथ बहस हो गई। इसके बाद दूसरे पक्ष के युवकों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस दौरान शिव और अजय को गोली जा लगी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana