बदमाशों के बुलंद हौंसले, पुलिस पर फायरिंग कर कैदी को छुड़ाकर भागे, घटना सीसीटीवी में कैद (VIDEO)

10/8/2018 3:32:56 PM

फरीदाबाद(अनिल राठी): हरियाणा के फरीदाबाद जिले में बदमाशों के हौंसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि उनमें खाकी का भी खौफ नहीं रहा। इन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग करके एक बदमाश कैदी को छुड़ा ले गए, जिसका मेडिकल कराने के लिए पुलिस अस्पताल में लेकर आई थी। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई फायरिंग में एक गोली अन्य व्यक्ति को भी लगी जो अस्पताल में इलाज कराने के लिए आया था। बदमाशों की यह घटना नजदीक के एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वहीं पुलिस अधिकारी घटना की जांच करने में जुटे हैं।



जानकारी के मुताबिक, जिस अपराधी को बदमाश छुड़ाकर ले गए हैं, उसपर करीब 17 हत्याओं के मामले दर्ज हैं। आरोपी को दांत के इलाज के लिए बीके अस्पताल लाया गया था। इलाज कराने के बाद पुलिस जैसे आरोपी को वापस जेल की वैन की तरफ ला रही थी, तभी कुछ गोलबंद बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग करने वालों में तीन लोग शामिल थे। एक आरोपी ने फायरिंग की और दो आरोपी अस्पताल के बाहर रूके हुए थे।



वहीं, गोली चलते ही अस्पताल में अफरातफरी का माहौल बन गया। इतने में मौका पर कैदी पुलिस से हाथ छुड़ाकर भाग निकला। जिसके बाद पुलिसकर्मी उनके पीछे-पीछे दौड़ा। यह नजारा सीसीटीवी क्लिप में साफ देखा जा सकता है। वहीं फायरिंग में एक गोली एक व्यक्ति को जा लगी, जो अस्पताल के गेट पर चाय पी रहा था। छाती में गोली लगने से घायल व्यक्ति को तुरन्त अस्पताल में भर्ती करवाया गया, उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

वहीं इस सारे मामले में पुलिस ने जांच शुरू करने की बात कही है।

Rakhi Yadav