देश की सुरक्षा व हथियारों की खुफिया जानकारी देने का आरोपी गिरफ्तार

7/12/2019 11:11:03 AM

नारनौल (संतोष): सिपाही रविन्द्र कुमार पुत्र रतन सिंह वासी बसई जिला महेंद्रगढ़ को देश की सुरक्षा व हथियारों की खुफिया जानकारी देने के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि बसई गांव निवासी रविन्द्र 2017 में 5 कुमाऊ रैजीमैंट फौज में भर्ती हुआ था। 2018 में जब आरोपी रविन्द्र अमृतसर में पोसिं्टग थी, तब एफ.बी. के जरिए किसी विदेशी महिला से दोस्ती हो गई थी। मार्च 2018 में विदेशी महिला ने पूछा कि उनकी यूनिट कहां मूव कर रही है, लोकेशन कहां है और कौन सी राइफल यूज करते हैं।

इस पर आरोपी ने गूगल पर सर्च करके फौज में यूज राइफल की फोटो विदेशी महिला के पास भेजी। इसके बाद आरोपी अपनी यूनिट के साथ अमृतसर से अरुणाचल प्रदेश के लिए रवाना हो गए। इसकी जानकारी भी विदेशी महिला को दे दी गई। दिसम्बर 2018 में विदेशी महिला ने आरोपी के अकाऊंट में 5 हजार रुपए भी डलवाए। आरोपी लगातार हमारे देश की आंतरिक व बाहरी सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जगहों की जानकारी देता रहा।  इसके बाद आरोपी 8 जुलाई 2019 को 5 दिन की छुट्टी लेकर घर आया था व नारनौल स्टेशन पर उतरा। पुलिस को इसके बारे में खुफिया जानकारी मिली कि यह फौज का सिपाही अपने देश की सुरक्षा जानकारियां दे रहा है।

इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन को दी गई। पुलिस ने आरोपी को वीरवार को अदालत में पेश किया गया जहां अदालत ने उसे 2 दिन के लिए पुलिस को रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 7 जिंदा रौंद, 2 मोबाइल व 3 सिम भी बरामद किए हैं। पुलिस ने सदर थाने में बुधवार को मुकद्दमा नं. 407 में भांदसं की धारा 3, 4, 5 व 9 ऑफिसियल सीक्रेट एक्ट 1923, 120 बी व शस्त्र अधिनियम के तहत मुकद्दमा दर्ज किया है।

Isha