अनुच्छेद 370 पर कांग्रेस, भाजपा में कोई फर्क नहीं:राजकुमार सैनी

6/26/2017 10:39:55 AM

जींद (मलिक):भाजपा सांसद राजकुमार सैनी अपने बयानों को लेकर भले ही विवादों में हों लेकिन जींद में सांसद बेहद बदले हुए और परिपक्व राजनीतिज्ञ के अवतार में नजर आए। सैनी की नजर में जम्मू-कश्मीर को लेकर अनुच्छेद 370 तथा देश में समान सिविल कोड को लेकर कांग्रेस तथा भाजपा में कोई फर्क नहीं है। दोनों इन मसलों पर वोट की खेती कर रहे हैं। 

सी.एम. मनोहर लाल ईमानदारी को लेकर सांसद सैनी के लिए प्रदेश के सबसे बेहतर सी.एम. हैं तो ला एंड आर्डर के मामले में वह सी.एम. को केवल ट्रेनी ही मानते हैं और उनकी नजर में वह इस मोर्चे पर बहुत बड़ा शून्य हैं। मनरेगा को सांसद सैनी इसके वर्तमान प्रारूप में सरकारी पैसे की लूट के अलावा कुछ नहीं मानते। आरक्षण को लेकर सैनी अब जाटों पर निशाना साधने के बजाय देश में 100 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की वकालत करने लगे हैं। रविवार को जींद के लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत में सांसद सैनी का यह बदला हुआ अवतार नजर आया। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाने का मामला हो या देश में समान नागरिक आचार संहिता लागू करने का, कांग्रेस और भाजपा में कोई फर्क नहीं है। देश हित से उनका कोई लेना-देना नहीं।

पूर्व मुख्यमंत्रियों पर साधा निशाना
पूर्व सी.एम. भूपेंद्र हुड्डा केवल दलाली के मैनेजर हैं। एक और पूर्व सी.एम. ओमप्रकाश चौटाला लठैत की छवि वाले हैं। पूर्व सी.एम. बंसीलाल को वह केवल कुर्सी का कमांडर मानते हैं। कुर्सी से हटने के बाद बंसीलाल उनकी नजर में कुछ भी नहीं।

पी.एम. मोदी की लहर नहीं, सत्ता विरोधी लहर का माहौल
सांसद सैनी इस बात से सहमत नहीं कि देश में प्रधानमंत्री मोदी के  नाम की कोई लहर चल रही है। ऐसा होता तो बिहार, पंजाब, गोवा, मणिपुर में भाजपा की हार नहीं होती। सत्ता विरोधी लहर के कारण भाजपा को उत्तर प्रदेश में बड़ी जीत मिली है।