63वें जन्मदिन पर 63 किमी दौड़, जसमेर संधू के मुरीद हुए अरविंद केजरीवाल, ट्वीट कर रही ये बात

8/26/2021 3:24:49 PM

पानीपत (सचिन शर्मा): जिस उम्र में बुजुर्गों को चलने तक में परेशानी होने लगती है, जसमेर सिंह संधू उस उम्र में भी 20 साल के युवाओं की तरह दौड़ते हैं। जसमेर सिंह संधू ऐसे दौड़ लगाते हैं, जैसे लगता है उम्र भी इनसे मात खा चुकी है। उन्होंने अपना 63 वां जन्मदिन अपनी उम्र से ज्यादा किलोमीटर (यानि 63 किलोमीटर) की दौड़ लगाकर मनाए। जसमेर के इस जज्बे के दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी मुरीद हो गए। उन्होंने ट्विटर पर ट्वीट कर जसमेर सिंह को बधाई दी और साल दर साल ऐसे ही कारनामे करते रहने की शुभकामनाएं दी।



फ्लाइंग संधू के नाम से मशहूर जसमेर सिंह संधू मूल रूप से करनाल के गगसीना गांव के रहने वाले हैं। इस साल भी जसमेर सिंह ने अपना जन्मदिन अनोखे अंदाज में मनाया। जसमेर सिंह संधू अपने जन्मदिन पर हर साल अपनी उम्र के आंकड़े को हराते हैं और जितने साल की उनकी उम्र होती है उससे ज्यादा किलोमीटर दौड़ते हैं। वह 25 अगस्त को 63 साल के हुए हैं। इस मौके पर जसमेर सिंह संधू ने मंगलवार रात 12 बजे पानीपत टोल से दौड़ना शुरु किया और करनाल होते हुए वापस पानीपत तक दौड़ते हुए 63 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय किया।

इस बार जसमेर सिंह संधू युवाओं को सेहत के प्रति जागरूक करने के लिए दौड़ रहे थे। अच्छे भोजन और रनिंग से कैसे स्वास्थ्य ठीक रखा जा सकता है इसका जसमेर सिंह संधू जीता जागता उदाहरण हैं। जसमेर सिंह अनाज नहीं खाते हैं यानि न रोटी खाते हैं और न चावल। संधू ने कच्ची सब्जी, हरे पत्ते और फलों को ही अपना भोजन बना लिया है। वह इसी को अपनी ऊर्जा का कारण बताते हैं, दाल और दूध भी उनकी डाइट में शामिल हैं।



जसमेर सिंह संधू अब अपनी दिवंगत पत्नी के नाम पर एक रनर्स फाउंडेशन की स्थापना करना चाहते हैं, ताकि युवाओं को जागरूक करने के साथ-साथ गांव देहात में मौजूद रनिंग और एथलेटिक्स के टैलेंट को ढूंढ कर उनको डाइट और ट्रेनिंग में विश्व स्तरीय सुविधाएं मुहैया करवाई जा सकें। 
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

vinod kumar