PU पहुंचे अशोक तंवर, बोले- अरविंद केजरीवाल जुबान के धनी, जो कहते हैं वही करते हैं

11/18/2022 9:51:10 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): आम आदमी पार्टी के नेता अशोक तंवर आज चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी पहुंचे, जहां छात्र संघ के नेताओं के ने उनका स्वागत किया गया। अशोक तंवर ने पंजाब यूनिवर्सिटी के छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश के अंदर आज युवा वर्ग दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पसंद करता है। अरविंद केजरीवाल जुबान के धनी है तथा जो कहते हैं, वह करते भी हैं।

 

अशोक तंवर ने कहा कि आप सरकार ने शिक्षा तथा चिकित्सा के मामले में दिल्ली की कायाकल्प करने का काम किया है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वर्तमान में पंजाब तथा हरियाणा की एक संयुक्त समस्या भयंकर रूप ले रही है। अशोक तंवर ने कहा कि पंजाब व हरियाणा में जिस प्रकार नशे की चपेट में युवा वर्ग आ रहा है, उससे निपटने में दोनों प्रांतों की सरकार को संयुक्त रणनीति बनानी होगी।

 

तंवर ने कहा कि कांग्रेस में रहकर पूरा सिस्टम अपनी आंखों से देखकर आया हूं। कांग्रेस में अच्छे लोगों की जरूरत नहीं है। अगर जरूरत होती तो वह लाखों-करोड़ों के घोटाले करने वाले लोगों के साथ खड़े नहीं होते। जिन्होंने हरियाणा को जलाने का काम किया। जिन्होंने पक्षपात और भेदभाव किया। जिन्होंने धर्म-जाति के आधार पर भेदभाव किया। ऐसे बहुत से साथी हैं जिन्होंने अपने बच्चों का पेट काटकर कांग्रेस को सींचने का काम किया। लेकिन वह लोग पसंद नहीं आए। भाजपा से सांठगांठ करके कांग्रेस को कमजोर करने का काम करने वाले लोग पसंद आए। हमने सारे रास्ते बंद कर दिए हैं। उन्हें भी व्यर्थ प्रयास नहीं करने चाहिए। वर्तमान राजनीतिक दलों से जो लोग तंग आ चुकेे हैं।  ऐसे साथी जिन्हें लगता है कि देश की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना है। उनको साथ लेकर नया विकल्प हम तैयार कर रहे हैं।

 

 तंवर ने कहा कि मैं सारी चीजें देख कर यह बोल रहा हूं कि आज देश की राजनीति कुछ नया चाहती है। जब तक कुछ नया या बड़ा नहीं होगा तब तक यह देश बचने वाला भी नहीं है। देश के सामने बहुत से संकट है। आज देश में बेरोजगारी-महंगाई का संकट है। किसान-मजदूर को न्याय देने का संकट है।  कोरोना की मार से गरीब बेहद संकट में है। सरकार के पास इन सबके लिए कोई रोड मैप नहीं है। आर्थिक तौर पर हम बहुत कमजोर हो चुके हैं। जिस पर न तो पूर्ववर्ती सरकारों ने ध्यान दिया और न ही सात-आठ सालों में इस भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने दिया। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)  

 

 

 

Content Writer

Gourav Chouhan