चंडीगढ़ छेड़छाड़ मामले में दिल्ली के CM का ट्वीट, सजा न मिली तो कानून से उठेगा विश्वास

8/8/2017 12:07:33 PM

नई दिल्ली/हरियाणा:भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला पर लड़की का पीछा करने और छेड़छाड़ के आरोपों पर आम आदमी पार्टी (आप) ने भी तीखा तंज कसा है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को ट्विटर पर लिखा कि वर्णिका का पीछा करने वालों को सख्त सजा मिले, चाहे वे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, नहीं तो लोगों का कानून व्यवस्था से विश्वास उठ जाएगा। चांदनी चौक से ‘आप’ विधायक अलका लांबा ने पार्टी मुख्यालय में प्रैस कॉन्फ्रैंस कर कहा कि चंडीगढ़ का वाकया काफी निंदनीय है। भाजपा नेता के पुत्र ने एक बेटी के संग बदसलूकी की और उसका अपहरण करने का प्रयास किया। इन बिगडै़ल बेटों को बचाने में भाजपा के नेता व पूरी सरकार लग गई है। ‘आप’ की दिल्ली महिला संगठन की संयोजक ऋचा पांडेय ने कहा कि यही भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा है। 

‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा भाजपा के लिए सिर्फ जुमला है क्योंकि इनका चरित्र मानसिक तौर पर महिला विरोधी है। पहले ये महिलाओं के संग बदसलूकी करते हैं, अब सरकारी तंत्र का इस्तेमाल कर अपराधियों को बचाने में लगे हैं। दिल्ली पुलिस की तरह चंडीगढ़ पुलिस भी केंद्र की भाजपा सरकार के अधीन है। 

‘आप’ के सवाल
1. चंडीगढ़ में हुए इस कृत्य पर भारतीय जनता पार्टी का स्टैंड क्या है?
2. किसने पुलिस पर अपहरण और गैर-जमानती धाराओं को हटाने का दबाव बनाया?
3. चंडीगढ़ जैसे सुरक्षित शहर में अचानक सी.सी.टी.वी. फुटेज की रिकॉॄडग क्यों नहीं मिल रही है? कहीं ऐसा तो नहीं कि जानबूझकर फुटेज डिलीट करवाई गई हैं?
4. अपराधियों को कानून के मुताबिक  उचित सजा दिलाने की मंशा को लेकर भाजपा क्या सोचती है?