केंद्रीय राज्य मंत्री से अरविंद शर्मा ने की मुलाकात, राजनीतिक गलियारों में चर्चा हुई तेज

5/31/2022 10:51:55 PM

दिल्ली: प्रदेश सरकार पर निशाना साधकर भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल से सवाल पूछने वाले भाजपा सांसद अरविंद शर्मा ने आज केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मंत्री के साथ प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालातों पर विस्तृत चर्चा की है। इसी के साथ इस बैठक में भविष्य की संभावनाओं पर भी विचार विमर्श किया।

मंत्री संग सांसद की मुलाकात के क्या हैं मायने

यह जानकारी सांसद ने खुद एक ट्वीट के माध्यम से दी। रोहतक गांव के पहरावर गांव की जमीन गौड़ ब्राह्मण संस्था को दिए जाने की मांग उठाते हुए सांसद अरविंद शर्मा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को निशाने पर लिया था। इसी के साथ पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को भडकाने के आरोप भी लगाए थे। इसके बाद भी कई बार अरविंद शर्मा मुख्यमंत्री को लेकर बयान दे चुके हैं। इस बीच केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह से साथ उनकी मुलाकात को इस मुद्दे से भी जोड़कर देखा जा रहा है। बता दें कि इससे पहले सांसद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात कर चुके हैं।

राव और मुख्यमंत्री के बीच दूरियां होने की बात कई बार आ चुकी सामने

केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के साथ सांसद अरविंद शर्मा की मुलाकात इसलिए भी खास है कि राव इंद्रजीत भी कई बार मुख्यमंत्री मनोहर लाल के लिए सख्त तेवर दिखा चुके हैं। राव इंद्रजीत और मुख्यमंत्री के बीच की दूरियां किसी से नहीं छिपी हैं।  झज्जर जिले के पाटौदा में हुई अपनी रैली में राव इंद्रजीत सिंह ने तल्खी दिखाई थी। इसके बाद पार्टी के एक कार्यकर्ता सम्मेलन में भी राव इंद्रजीत सिंह ने कार्यकर्ताओं के मन की बात की आड़ में सीएम की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा था। हालांकि राव कई बार सीएम के लिए नरम रूख अपना कर सब कुछ ठीक होने का दावा कर चुके हैं। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

Vivek Rai