पूर्व भाजपा नेता रोशनलाल आर्य ने बनाई नई पार्टी, जानिए किसे बनाया CM दावेदार

2/24/2017 4:52:05 PM

चंडीगढ़ (उमंग श्योराण):पूर्व भाजपा नेता और हरियाणा बीज निगम के पूर्व चेयरमैन रोशनलाल आर्य ने नई राजनीतिक पार्टी का ऐलान कर दिया है। इस पार्टी का नाम हरियाणा सर्वजन पार्टी रखा गया है। इस पार्टी के अध्यक्ष का चयन अभी नहीं किया गया है, लेकिन अध्यक्ष से पहले ही पार्टी ने सीएम पद के दावेदार का नाम जरूर तय कर लिया है और ये दावेदार है राजकुमार सैनी। जी हां भाजपा के मौजूदा सांसद और ओ.बी.सी. के जाने माने नेता राजकुमार सैनी को रोशनलाल आर्य ने अपनी पार्टी का सी.एम. कैंडिडेट बताया है। 

आर्य ने कहा कि सांसद सैनी से उनकी बात बहुत पहले से चल रही थी और उन्होंने पार्टी के लिए अपनी सहमति दे दी है। हालांकि सैनी ने सामने आकर और खुलकर इस मामलेे में अब तक कुछ भी नहीं कहा है। अब पार्टी का ऐलान भी हो गया है। सी.एम. कैंडिडेट भी तय हो चुका है, लेकिन राजकुमार सैनी कहीं नजर नहीं आ रहे। ऐसे में अब रोशनलाल आर्य की घोषणा के बाद सबको सैनी की प्रतिक्रिया का इंतजार हैं। क्या वो भाजपा को अलविदा कह देंगे या फिर वो रोशनलाल आर्य के दावों को ही हवा हवाई कर देंगे।