हरियाणा के इतिहास में मनोहर लाल का नाम काले अक्षरों में लिखा जाएगा: अभय सिंह चौटाला

5/17/2021 8:19:39 PM

हिसार (धरणी): पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं इंडियन नेशनल लोकदल के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने सोमवार को देवी लाल सदन में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मनोहर लाल खट्टर को प्रदेश के मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। जब कभी भी हरियाणा प्रदेश का इतिहास लिखा जाएगा तो मनोहर लाल खट्टर का नाम काले अक्षरों में लिखा जाएगा। 

अभय ने कहा कि खट्टर ने जितना नुकसान हरियाणा प्रदेश का किया है, उतना आज तक किसी भी मुख्यमंत्री ने नहीं किया। अगर हरियाणा प्रदेश को बचाना है तो मुख्यमंत्री को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। जेजेपी और बीजेपी वालों ने मिल कर एक गिरोह बना रखा है जो दोनों हाथों से प्रदेेश को लूट रहे हैं और इनका सरगना प्रदेश का मुख्यमंत्री है। इन्होंने कोरोना की आड़ में हजारों करोड़ रूपए लूटकर अपनी जेबों में भरे हैं।



इनेलो नेता ने कहा कि कांग्रेस वाले अस्पताल बनाते हैं, बीजेपी वाले उसका उद्घाटन करते हैं और फिर किसानों पर लाठीचार्ज करवाते हैं। किसान शांतिपूर्वक ढंग से अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री का विरोध कर रहे थे जो कि उनका संवैधानिक अधिकार है लेकिन उनके उपर आंसू गैस और गोली चलवा दी गई। इस से ज्यादा निंदनीय और कायरता पूर्ण कार्य नहीं हो सकता, इस घटना की जितनी भत्र्सना की जाए उतनी कम है। इस कुकृत्य के लिए मुख्यमंत्री को प्रदेश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। 

उन्होंने कहा कि भाजपा की गिरी हुई सोच का इससे बड़ा प्रमाण क्या होगा कि जिन संगठनों को सरकार ने ग्रांट दी है उन पर अब दबाव डाला जा रहा है कि वो आंदोलन के विरोध में प्रेसनोट जारी करें और इसको अस्पताल तोडऩे की साजिश बताएं। इनेलो नेता ने कहा कि बड़ी हैरानी की बात है कि जिंदल परिवार ने अस्पताल बनवाया, बजाय अस्पताल का नाम ओपी जिंदल पर रखने के चौ. देवी लाल के नाम पर रखा। उन्होंने कहा कि चौ. देवी लाल के नाम पर प्रदेश में कोई भी अस्थाई चीज नहीं बन सकती। अगर मुख्यमंत्री चौ. देवी लाल के पदचिन्हों पर चलना चाहते हैं तो सबसे पहले चौ. देवीलाल के नाम पर बना थर्मल प्लांट जिसको कांग्रेस की सरकार ने बदल दिया था उसका नाम रखें। केएमपी का नाम चौ. देवीलाल के नाम पर था जिसको इन्होंने बदल दिया था उसका नाम रखें।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Shivam