आशा वर्कर्स ने खत्म की हड़ताल, सरकार ने मानी ये मांगें

2/1/2018 5:24:51 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हरियाणा सरकार ने आखिरकार 16 दिनों से हड़ताल पर चल रही आशा वर्कर्स की मांगें मान ली है। जिसके बाद उन्होंने अपनी हड़ताल खत्म कर ली हैं। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि आशा वर्कर्स के मासिक मानदेय में वृद्घि तथा विभिन्न योजनाओं में दिए जाने वाले प्रोत्साहिन राशि को बढ़ाया जाएगा। इससे प्रदेश की करीब 20 हजार आशा वर्कस को लाभ होगा। विज आज आशा वर्कस यूनियन हरियाणा की प्रदेश कार्यकारिणी के अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। 

इन मांगों पर बनी सहमति
बैठक में सभी आशा वर्कर्स को सब-सैंटर पर अलमारी उपलब्ध करवाने की मांग को मान लिया है। इसके अतिरिक्त आशा वर्कर्स की दुर्घटना में मौत होने या गंभीर रुप से घायल होने पर मेडिक्लेम बीमा, योग्यता प्राप्त आशा वर्कर्स को नियमित भर्ती में अनुभव के अंक देने तथा एंड्रॉयड फोन की सुविधा देने पर भी सहमति प्रकट की है। इसके अलावा अन्य सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।

आशा वर्कर्स ने खत्म की हड़ताल
बैठक में महासचिव सुरेखा ने स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की प्रशंसा की अौर कहा कि वे अपनी हड़ताल समाप्त करने की घोषणा करते हैं। उन्हंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री ने उनकी सभी मांगों को सहानुभूतिपूर्वक स्वीकार करने का भरोसा दिलाया है जिससे वे बहुत खुश हैं।

उल्लेखनीय है कि मांगों के लेकर हड़ताल कर रही आशा वर्कर्स ने दो दिन पहले हरियाणा में सभी जिलों में जेल भरों आंदोलन कर सरकार के विरुद्ध नारेबाजी कर प्रदर्शन किया था। कई महिलाअों ने इस दौरान गिरफ्तारियां भी दी थी।