7वीं बार इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष बने अशोक अरोड़ा, हाईकमान का किया आभार व्यक्त(VIDEO)

7/28/2018 2:19:18 PM

कुरूक्षेत्र(विनोद कुंद्र): इनेलो नेता अशोक अरोड़ा एक बार फिर इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर दिए गए है। सातवी बार इनेलो का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर अशोक अरोड़ा ने पार्टी हाईकमान चौधरी ओमप्रकाश चौटाला का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि चौटाला साहब के जेल जाने के बाद ऐसा समझा जाने लगा था कि पार्टी खत्म हो जाएगी। लेकिन पार्टी के कार्यकर्ता की कड़ी मेहनत ने पार्टी को एक बार फिर खड़ा कर दिया है और आने वाले समय मे निश्चित तौर पर हरियाणा में इनेलो-बसपा गठबंधन की सरकार बनेगी।

पार्टी के सामने चुनौतियों की बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि इनेलो पार्टी चौधरी देवीलाल का लगाया पौधा है। उन्होंने सिखाया कि पार्टी जब सत्ता में हो तो लोकहित के कानून बनाए और काम करें और जब विपक्ष में हो तो लोकहित के मुद्दे उठाए। आज की सरकार भाई चारे को खराब कर रही है। तीन बार प्रदेश अब तक जल चुका है। युवा बेरोजगार है। महिला असुरक्षित है। किसानों को उनकी फसलों के दाम नही मिल रहे है। पार्टी इन मुद्दों को उठा रही है और निश्चित है कि कमेरे वर्ग की सरकार बनेगी।

ये पूछे जाने पर की जेल भरो आंदोलन के बाद कौन सा आंदोलन पार्टी करने जा रही है।इस पर अशोक अरोड़ा का कहना था कि जेल भरो आंदोलन हाल ही में खत्म किया है।इनेलो-बसपा गठबंधन के नेता बैठेंगे। फिर नए आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।लेकिन हरियाणा के युवाओं में नशा काफी बढ़ गया है। जहां पंजाब को नशे की मंडी कहते थे वही अब हरियाणा में भी नशे का कारोबार खूब बढ़ गया है और सरकार कुछ नही कर रही है। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी का काम बांटने का है। सीएम खुद कहते है कि वो जाटों के सबसे बड़े हितैषी है।
 
 

Rakhi Yadav