अशोक तंवर का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- एक दूसरे को काटना और टांगें खींचना...

4/14/2021 9:33:41 AM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हरियाणा कांग्रेस में कई बड़ी जिम्मेदारियां निभाने वाले पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तवर का पार्टी में राजनीतिक कद काफी बढ़ा रहा है। वह एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ युवा मोर्चे के भी अध्यक्ष रह चुके हैं। सिरसा से सांसद रह चुके अशोक तंवर ने कांग्रेस से मोहभंग होने के अब अपनी अलग रहा सुन ली है। भारत मोर्चा के नाम से उन्होंने एक राजनीतिक संगठन तैयार किया है। जिसे लेकर वह न केवल प्रदेश बल्कि देश की राजनीति का दावा कर रहे हैं।

आज पंजाब केसरी ने अशोक तवर से बातचीत की। जिसमें उन्होंने कांग्रेस के साथ-साथ सभी राजनीतिक दलों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की यह सरकार केवल भाजपा-जजपा और निर्दलीयों की नहीं बल्कि कांग्रेस की भी सरकार है। यह लोग मिलकर जनता को बेवकूफ बनाने में लगे हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस में भरी गद्दारों की फौज के कारण प्रियंका वाड्रा भी इस पार्टी के अस्तित्व को नहीं बचा पाएंगी। कांग्रेस में बैठे यह गद्दार बीजेपी के कांग्रेस मुक्त भारत के सपने को साकार करने  में लगे हैं। बातचीत के कुछ अंश आपके सामने प्रस्तुत हैं:-

प्रशन:- 6 साल तक जनता में रहकर लोगों की सेवा की, लोगों के लिए लड़ाई लड़ी। एकदम आप लुप्त हो गए। इसके लिए आखिर कौन दोषी है ?
उत्तर:-
हम हमेशा पूरी शिद्दत और जुनून के साथ काम करते हैं और आज कांग्रेस के हालात किसी से छुपे नहीं है। ना तो वहां ईमानदारी की कीमत है और ना ही वफादारी की। मेहनत करने वालों को सम्मान नहीं दिया जाता। इसीलिए कांग्रेस हाशिए पर जा रही है। हालात इससे भी और खराब होंगे। अगर विपक्ष कहीं होता तो साढे 4 महीने तक किसानों को आंदोलन पर नहीं बैठना पड़ता। यह वही लोग हैं जिन्होंने राज्यसभा, लोकसभा के अंदर पूंजीपतियों के इशारों पर बीजेपी के साथ मिलकर कानून पास करवाए। हरियाणा में अविश्वास प्रस्ताव लाए। जिससे भाजपा को 6 महीने का और जीवनदान मिल गया। क्योंकि किसान साथियों, किसान संगठनों का लगातार दबाव निर्दलीयों और जेजेपी के विधायकों पर था कि सभी किसान हितैषी नेता अपनी अपनी पार्टी को छोड़ कर आ जाएं। लेकिन किसी ने पार्टी नहीं छोड़ी। यह सब अविश्वास प्रस्ताव के कारण हुआ। क्योंकि अब 6 महीने तक कोई अविश्वास प्रस्ताव नहीं ला सकता।

प्रशन:- आपके जी की डेफिनेशन क्या है और जी 23 में क्या 23 ही संख्या है ?
उत्तर:-
जी का मतलब है गद्दार। ये संख्या बहुत बड़ी है। लेकिन इन्होंने छुपा रखी है। क्योंकि मैं इन पापियों के बीच रहा हूं ठीक वैसे ही जैसे 32 दांतो के बीच में जीभ रहती है। सूत्र बताते हैं कि 330 से भी ज्यादा लोगों की भावना हाईकमान के खिलाफ है। वह कांग्रेस पार्टी के अंदर रहकर बीजेपी के उन बड़े नेताओं के साथ मिलकर काम कर रहे हैं जो कांग्रेस को कमजोर करना चाहते हैं। आप समझ सकते हैं कि कांग्रेस का भविष्य क्या है। सबसे बड़ी बात यह है कि उनके खिलाफ कोई एक्शन नहीं ले रहा। न ही उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा। कांग्रेस ने अपने आप को खत्म कर दिया और इस देश को भाजपा खत्म करने में लगी है।

प्रशन:- लेकिन हरियाणा में तो कांग्रेस काफी मजबूत स्थिति में है ?
उत्तर:-
जब हम कांग्रेस में थे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जज्बे के साथ हम उसे सीचते थे। आज जहां हरियाणा में कांग्रेस खड़ी है यह तो सरकार बननी थी। यह लोग 67 से 40 पर लाए, 40 से 15 पर लाए और फिर 15 से अगर 31 पर लाने का जो श्रेय है वह हम ही लोगों का है। यह तो सरकार बनाते। भारतीय जनता पार्टी ने पता नहीं कौन सी इनकी चाबी भरी, कौन से इनके कान मरोड़े, क्या इनको डर दिखाया।इन्होंने जो मेहनत करने वाले लोग हैं, जिन्होंने पूरे 5 साल 8 महीने कांग्रेस को सींचा, कांग्रेस को खड़ा करने का काम किया, उनकी टिकटें षड्यंत्र के तहत जानबूझकर काट दी और यह बात हमें सूत्रों ने पहले ही बता दी थी कि बीजेपी-कांग्रेस पार्टी के कुछ लोग मिलकर टिकट बांट रहे हैं। पार्टी के जितने भी वफादार लोग है यह लोग उनकी राजनीतिक हत्या करने में लगे हुए हैं।


प्रशन:- हरियाणा की भाजपा-जजपा और निर्दलीयों की गठबंधन सरकार का भविष्य आपको क्या लगता है ?
उत्तर:-
यहां तो कांग्रेस की ही सरकार है। हरियाणा में उनसे ज्यादा तो कांग्रेस के सरगना जो जी 23 में है उनकी चल रही है। कोई काम हो सकता है कि मुख्यमंत्री के कहने पर न हो लेकिन सरगना के कहने से हो जाता है। सभी की मिली जुली सरकार है। दिखाने के लिए कोई है, करने के लिए कोई है, सिस्टम कोई और चला रहा है। बहुत खतरनाक दौर में राजनीति आ गई है। इसीलिए भारत मोर्चे की जरूरत पड़ी कि अगर भारत बचाना है, देश को आगे बढ़ाना है, साधारण परिवार के लोगों को आगे लेकर आना है, उनकी शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सुरक्षित रखना है तो उसके लिए और कोई विकल्प बचा नहीं है।

प्रशन:- हरियाणा की राजनीति के लिए आखिर आप की प्लानिंग क्या है ?
उत्तर:-
मैंने जब पार्टी छोड़ी मैं तो पहले दिन से सक्रिय हूं। हमने बुद्धिमान लोगों से बात की जिनमें जज्बा है, लेकिन प्लेटफार्म नहीं मिलता। क्योंकि बहुत से लोग यह मानते हैं कि 70-80 फ़ीसदी दूसरी पार्टियों की टिकटें पहले से ही फाइनल हो जाती हैं। वही चोर-उचक्के जो बार-बार लूट रहे हैं, खसौट रहे हैं, देश-प्रदेश को खोखला करने में लगे हैं, जब बार-बार उन्हें ही आगे रखा जाता है तो बहुत से अच्छे लोग तो पहले ही आगे नहीं आते। हमने वैसे लोगों से पिछले डेढ़ साल में संपर्क किया। उन्हें आगे लाने की कोशिश हमारी रही। हमा सेना और बढ़िया सेनापति देश और प्रदेश में हम दोबारा तैयार कर रहे हैं जो कि जल्द सबके सामने आगे आएंगे और बड़ी मजबूती के साथ हर मुद्दे पर लड़ाई लड़ेंगे।

प्रशन:- पिछले दिनों आपकी अभय चौटाला, दुष्यंत चौटाला और बीजेपी के नेताओं से मुलाकात रही।इसका क्या राजनीतिक पहलू निकाले जाएं ?
उत्तर:-
मेरी किसी भाजपा के नेता से आज तक मुलाकात नहीं हुई। जब हमने समर्थन दिया तो अभय चौटाला जी एक बार आए थे और साथ देने के लिए बोल रहे थे। लेकिन मैंने कहा था कि मैंने सारी पार्टियां देख ली। यहां सब लोग स्वार्थ की राजनीति करते हैं।इस देश को खत्म करने के लिए लगे हुए हैं। यह राजनीतिक षड्यंत्रकारियों का खेल है। अगर आप अपनी गर्दन किसी को भी दे दे तो वह साम दाम दंड भेद करके कभी भी आपका गला घोट सकते हैं।इसलिए मैं सभी अच्छे साथियों से यही कहूंगा कि अपना भविष्य किसी ऐसे व्यक्ति के हाथ में ना दें जो अपनी बातों पर हर कसौटी पर खरा नहीं उतरता। कसौटी पर खरा उतरने वाले के साथ खड़े होंगे तो खुद भी बचेंगे और देश को भी बचा पाओगे।

प्रशन:- क्या हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी खत्म हो गई है ?
उत्तर:-
कांग्रेस में तो कभी खत्म हो ही नहीं सकती। यह तो डीएनए में है। गुटबाजी, अनुशासनहीनता एक दूसरे को काटना और टांगें खींचना। अभी कुछ जगह पर्यवेक्षक गए थे। हर जिलों के अंदर लड़ाई है। मैं तो एक ही बात कहूंगा कि कभी तो सुधर जाओ, देश के बारे में सोच लो, जनता जो दुखी है उनके बारे में सोच लो।

प्रशन:- आम परिवारों से उठे लोगों का आखिर भविष्य क्या है ?
उत्तर:-
इनका भविष्य केवल भारत मोर्चा के साथ ही है। इनको अभी समझ में नहीं आएगा। मुझे भी 25 साल लग गए समझ में आने के लिए। जब 25 साल में मैंने 50 साल के बराबर मेहनत की। मुझे समझने में जब बहुत देर लगी तो दूसरों को कैसे समझ में आएगा। हम समझा रहे हैं अगर समझ गए तो बच जाएंगे नहीं तो उनकी भी राजनीतिक हत्या होगी। उनके साथ भी धोखा होगा।

प्रशन:- क्या आपके संपर्क में वर्तमान सरकार के या विपक्ष के विधायक या विधायक चेहरे हैं ?
उत्तर:-
यूं तो बातचीत लोग करते रहते हैं। बाकी मैं यही मानता हूं कि जिसको हरियाणा बचाना है, आगे ले जाना है और जो यह मानते हैं कि किसान-मजदूर-गरीब आदमी-नौजवान का दुख बड़ा है। यहां धर्म जाति के आधार पर समाज को बांटा जाता है और अगर वह यह समझते हैं कि यह गलत राजनीति है।इसके खिलाफ हमें एक विकल्प तैयार करना है। तो ऐसे लोग खुद अपने आप आएंगे। हमारे दरवाजे खुले हैं। जब हम कांग्रेस में थे तब भी परिवार बढ़ाने का काम किया और अब भी अच्छे लोगों को लेकर आगे बढ़ेंगे।

प्रशन:- सचिन पायलट का राजनीतिक भविष्य कांग्रेस में आप क्या देखते हैं ?
उत्तर:-
उनकी और हमारी परिस्थिति में जमीन आसमान का फर्क है। उनके जितने जनरल सेक्रेटरी आए सभी ने उनकी मदद की। उनके सभी लोगों ने उनकी आर्थिक तौर पर बल्कि हर तरह से मदद की।संगठन में, टिकटों में, सत्ता में उन्हें भागीदारी मिली।बाकी क्या कारण बने वह तो वही बता सकते हैं। उन पर कभी फिजिकल अटैक नहीं हुआ। मेरे व मेरे साथियों पर तो फिजिकल अटैक हुए। लोगों ने मरवाने तक की कोशिश की। मैं समझता हूं कि सचिन पायलट को करना नहीं चाहिए था अगर कर दिया था तो वापस जाना नहीं चाहिए था। क्योंकि उनका भविष्य खत्म कर दिया है। अभी पीछे केंद्रीय नेतृत्व के दौरे थे उनकी नमस्ते तक नहीं ली गई। जिस आदमी को 5-6 साल अध्यक्ष रखा। उनको और जिम्मेदारियां दी गई। किसी नेता के चक्कर में कि वह नाराज ना हो जाए क्या किसी की राजनीतिक हत्या कर देना उचित है। ऐसे ही बहुत से दूसरे लोगों के साथ भी किया गया। चंडीगढ़ के प्रदीप छाबड़ा के साथ भी वैसा ही हुआ।

प्रशन:- क्या आपको लगता है कि कांग्रेस में जान फूंक पाएंगी प्रियंका गांधी ?
उत्तर:-
कोई जान नहीं फूंक पाएगा। जिस घर में गद्दार बैठे हो, जिस घर में उसे खोखला करने वाले बैठे हो, जो बीजेपी का कांग्रेस मुक्त भारत का सपना साकार करने में लगे हो, यह एजेंट है। इन्होंने पहले कई-कई हजार करोड़ के घोटाले किये है। अब उस डर से, अपने को बचाने के लिए, भाजपा की मदद कर रहे हैं। भाजपा को भी यह राजनीति सूट कर रही है कि कांग्रेस के अंदर ऐसे लोग तैयार कर दो जो कांग्रेस को खोखला और खत्म करने का काम करें। मुझे नहीं लगता कि ऐसी पार्टी का अस्तित्व बचने वाला है।

 

 

Content Writer

Isha