EVM की सुरक्षा को लेकर तंवर ने दिया विवादित बयान, दुग्गल फैमिली पर लगाए आरोप

5/13/2019 3:51:13 PM

सिरसा(सतनाम सिंह): हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं सिरसा लोकसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी अशोक तंवर ने विवादित बयान दिया है। ईवीएम सुरक्षा को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में अशोक तंवर ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जहां भी खाली ईवीएम के वाहन देखें या स्ट्रांग रूम के इर्द-गिर्द भी कहीं उन्हें कोई संदिग्ध वाहन नजर आए तो उसे आग लगा दें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र की सुरक्षा करेगी और इसके लिए भले ही कोई भी कीमत चुकानी पड़े।

दुग्गल के परिजनों पर पैसे बांटने का लगाया आरोप
तंवर ने भाजपा प्रत्याशी सुनीता दुग्गल के परिजनों पर पैसे बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को इस बारे में सूचना दी गई थी लेकिन समुचित कार्यवाही नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सिरसा जिला प्रशासन संवेदनशील नहीं था। पोस्टल बैलट को लेकर भी उन्होंने उपायुक्त को कई बार कहा लेकिन समुचित कार्यवाही नहीं की गई।



उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी के परिवारजनों ने शराब और रुपया बांटने का काम किया। उन्होंने स्वयं पुलिस अधीक्षक को इस बारे में शिकायत देनी चाही थी। फोन किया था, लेकिन उनका फोन अटेंड नहीं किया गया।

सिरसा वासियों को किया धन्यवाद
वहीं तंवर ने सर्वाधिक मतदान के लिए सिरसा वासियों को बधाई दी और साथ ही पूरे प्रदेश में जनता का आभार जताया। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में कांग्रेस जन समर्थन के बूते 10 की 10 सीटों पर जीत प्राप्त करेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार ने जो वायदा खिलाफी कि उसका जवाब जनता देगी। उन्होंने सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का एक बार फिर आरोप लगाया। 

Shivam