तंवर की विधायकों को नसीहत, चंदे के साथ देना होगा ब्याज

1/5/2018 3:01:15 PM

चंडीगढ़(ब्यूरो): हरियाणा में एक तरफ जहां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा खेमे की लाख कोशिशों के बावजूद अब तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा. अशोक तंवर की छुट्टी नहीं हुई है। वहीं तंवर ने लीक से हटते हुए पार्टी फंड में चंदा न देने वाले विधायकों को नसीहत दे डाली है। यहां चंडीगढ़ में बातचीत में तंवर ने कहा जो विधायक चंदा नहीं दे रहे हैं। उन्हें ब्याज सहित यह चंदा देना होगा। विधायक किसी तरह की गलतफहमी में न रहें। 

उल्लेखनीय है कि हुड्डा खेमे के अधिकतर विधायक पार्टी फंड में चंदा नहीं दे रहे हैं। पिछले करीब 4 साल से इन विधायकों ने पार्टी फंड में चंदा नहीं दिया है। जबकि साल में एक माह का वेतन या पेंशन देने का नियम है। तंवर इस मामले में पत्र भी लिख चुके हैं। अशोक तंवर ने विधायकों की संख्या का खुलासा नहीं किया। अलबत्ता यह जरूर कहा है कि अधिकतर विधायक चंदा नहीं दे रहे हैं। एआईसीसी की बैठक में इन्हें यह चंदा ब्याज सहित देना होगा। अपनी साइकिल यात्रा अौर पूर्व मुख्यमंत्री की रथयात्रा की टाइमिंग से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि उनका कार्यक्रम पहले ही घोषित हो गया था।