अशोक तंवर ने राहुल गांधी से की जयतीर्थ दहिया की शिकायत

8/23/2017 7:17:25 PM

दिल्ली/चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरनी):हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक तंवर ने दिल्ली में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की है। बताया जा रहा है कि इस मुलाकात में तंवर ने राहुल गांधी से कांग्रेस विधायक जयतीर्थ दहिया की शिकायत की है। दहिया ने हाल ही में हुड्डा और मोदी की मुलाकात पर बड़ा बयान दिया था जिसके चलते हरियाणा के सियासी गलियारों में गहमागहमी शुरू हो गई थी। दहिया ने हुड्डा-मोदी मुलाकात के बड़े राजनीतिक मायने होने की बात कही थी जिसके बाद हुड्डा के भाजपा में शामिल होने के कयास लगने लगे थे। 

अब दिल्ली में तंवर ने राहुल गांधी से मुलाकात कर हरियाणा कांग्रेस की इस गर्मागर्मी को कांग्रेस आलाकमान की नजरों में ला दिया है। बताया ये भी जा रहा है कि तंवर ने राहुल गांधी से जयतीर्थ दहिया के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। सूत्रों के मुताबिक तंवर ने राहुल गांधी से हरियाणा कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान को भी एक बार फिर जाहिर किया है और इस बारे में चर्चा भी की है। साथ ही संगठन को प्रदेश में मजबूत करने के लिए कुछ सुझाव भी तंवर ने राहुल गांधी के सामने रखे हैं। हालांकि हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी का खेल कोई नया नहीं है। कांग्रेस के अलग अलग गुटों से प्रदेश कांग्रेस में नजर आने वाली गहमागहमी भी हरियाणा में आए दिन नजर आ ही जाती है और तंवर की इस मुलाकात को भी गुटबाजी की एक तस्वीर के रूप में देखा जा रहा है। हुड्डा गुट औऱ तंवर गुट में बंट चुकी हरियाणा कांग्रेस में अब नई हलचल होने की संभावना भी बढ़ती नजर आ रही है और राहुल गांधी से मुलाकात के बाद अब जयतीर्थ दहिया पर आलाकमान की कार्रवाई के संकेत भी जल्द नजर आ सकते हैं।