जहरीली शराब के कारण मरने वालों के परिजनों से मिले अशोक तंवर, बोले - हरियाणा के युवाओं को नशे के गर्त में झोंका जा रहा

11/15/2023 6:35:58 PM

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता) : आम आदमी पार्टी प्रदेश प्रचार कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर बुधवार को अंबाला लोकसभा अध्यक्ष आदर्शपाल सिंह और यमुनानगर जिला अध्यक्ष गगनदीप सिंह और पार्टी पदाधिकारियों के साथ गांव सहारण में पहुंचे। जिन लोगों की जहरीली शराब के कारण जान चली गई, उनके परिजनों से मिलकर सांत्वना दी।

डॉ. अशोक तंवर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हरियाणा में पंजाब से लगते जिलों में अवैध शराब का धंधा पनप रहा है। पिछले 8-9 सालों में हरियाणा में अवैध नशे के कारोबार ने पांव पसार लिए हैं। सरकार में बैठे नेताओं, अधिकारियों के साथ सांठगांठ कर हरियाणा के युवाओं को नशे में झोंका जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पिछले 9 सालों में अवैध नशे में संलिप्तता के कारण 500 से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। जबकि अभी हाल के जहरीली शराब के मामले में जनता के प्रतिनिधियों और अधिकारियों की सांठगांठ दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा की मृतकों के परिजनों से मिलकर उनकी बेबसी और मजबूरी का पता चला। मृतकों में कई तो युवा थे, जो अपने परिवारों को पाल रहे थे, उनके सिर के ऊपर ही परिवार की जिम्मेदारी थी, उनके बच्चे अब अनाथ हो गए। 

तंवर ने कहा कि जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या भी ज्यादा है। इससे पहले जो मौत हुईं इनको डेंगू के केस बताकर रफा दफा कर दिया गया। मुख्यमंत्री खट्टर युवाओं से संवाद का ढकोसला करते हैं, जबकि प्रदेश में खुलेआम अवैध नशे की भट्टियों से बनने वाली शराब से जान जा रही हैं। कांग्रेस से जुड़े लोगों की संलिप्तता भी पाई गई। 

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी शोक संतृप्त परिवारों के साथ खड़ी है। नशे के उन्मूलन के खिलाफ लड़ाई में भी आम आदमी पार्टी का हरेक कार्यकर्ता तत्पर है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को एक करोड़ मुआवजे और दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

इस मौके पर लक्ष्मण विनायक, सुमित हिंदुस्तानी, रणधीर सिंह, कर्मवीर सिंह बूटर, सतीश दोरांग, रीता रानी, बीर लाल और राजेश गोरा भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Mohammad Kumail