अशोक तंवर का इशारा, दिल्ली में होंगे सभी साफ बनेगी सिर्फ आप

2/9/2020 9:24:33 PM

कैथल(जोगिंद्र): दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशाेक तंवर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सब कुछ साफ है कि किसकी सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा तो साफ ही है। जबकि कांग्रेस की जमानत जब्त हो सकती है। तंवर ने कहा कि दिल्ली में हो सकता है आम आदमी पार्टी सभी 70 सीटें ले जाए। 

अशोक तंवर कैथल के एक होटल में कार्यकर्ताओं से मिलने से पहुंचे। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में उन्हाेंने कहा कि किस पार्टी में शामिल होना है और आगे क्या करना ये सारे फैसले 16 फरवरी को करनाल में होने वाले कार्यक्रम के बाद तय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जो कुछ भी कार्यकर्ता साथी बोलेंगे वैसा ही तय किया जाएगा। 

वहीं अशोक तंवर ने कुलदीप बिश्नोई की तरह माना की कांग्रेस में अगर सही टिकट बंटती तो स्थिति कुछ और होती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार 55-60 सीटों से बननी लगभग तय थी। इसके साथ तंवर ने विपक्ष व सरकार को निकम्मा कहते हुए बोला की सरकार के 100 दिन हुए, लेकिन ना कोई सरकार की उपलब्धि और ना विपक्ष की उपलब्धि। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ये मिली जुली सरकार है, जिसमे कांग्रेस भी शामिल है। क्योंकि कांग्रेस भी इनका साथ दे रही है। 

वहीं भाजपा देश को बांटने का काम कर रही है सवाल पर अशोक तंवर ने कहा कि अंग्रेजों ने फूट डालकर राज करने की नीति थी, आज भाजपा भी उनके वारिस की तरह फूट डालकर राज करने का काम कर रही है, लेकिन एक बात और भी है अगर भाजपा ऐसा कर रही है तो दुसरे कुछ क्यों नही करते। दूसरी पार्टियां इस खाई को भरने का काम क्यों नहीं करती।

Edited By

vinod kumar