भाजपा के मंत्री छीन रहे लोगों का कारोबार: अशोक तंवर

11/5/2017 4:43:01 PM

रोहतक(अशोक भारद्वाज): आज रोहतक में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने भाजपा के मंत्रियों की तुलना इनेलो से कर डाली। उन्होनें कहा कि भाजपा और इनेलो के कई नेता कांग्रेस में शामिल होने वाले हैं। हालांकि, उनके एक बयान से हरियाणा की कांग्रेस पार्टी में गुटबाजी की झलक देखने को मिली, जिसमें उन्होंने कहा कि, पिछली सरकार में उनका शिकार हुआ था।

अशोक तंवर ने भाजपा के मंत्रियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि, भाजपा के बड़े नेताओं ने इनेलो का मॉडल अपना लिया है। जिन व्यापारियों के काम धंधे अच्छे चल रहे हैं, उन्हें भाजपा के मंत्री जबरन छीन रहे हैं जिसका सबूत उनके पास है। उन्होंने कहा कि, प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर जब भी समय देंगे वे सारे सबूत सामने रखने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अब पूरे प्रदेश में कांग्रेस की हवा चल पड़ी है। जिसे देखते हुए इनेलो व भाजपा के बहुत से नेता कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं और भविष्य में लिस्ट काफी लंबी होगी।



कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने आज भी गुटबाजी जाहिर कर दी। उन्होंने कहा कि सांसद व विधायक का सरकार चलाने में कोई योगदान नहीं होता। जिसके चलते प्रथम श्रेणी के नेताओं का शिकार हो जाता है, उनका भी शिकार हुआ है। उनका मानना है कि पिछली सरकार यानि हुड्डा सरकार में वे मात्र प्यादे की तरह थे जिनका केवल इस्तेमाल ही किया गया। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया कि आखिर शिकार किसने किया।