गीता जयंती पर भड़के अशोक बोले- भाजपा ने ली प्रदेश को बर्बाद करने की सुपारी

11/30/2017 7:53:13 PM

घरौंडा(विवेक कुमार): कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने गीता जयंती को लेकर भाजपा सरकार हमला कर दिया। उनका कहना है कि भाजपा ने देश व प्रदेश को बर्बाद करने की सुपारी ले रखी है। गीता जयंती की आड़ में प्रदेश सरकार करोड़ों के घोटाले कर रही है। अशोक तंवर घरौंडा के अरईपुर रोड पर आयोजित कांगे्रस कार्यकर्ता सम्मलेन में बोल रहे थे।

मंच से कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए अशोक तंवर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। अशोक तंवर ने कहा कि, मोदी और खट्टर के नेतृत्व में भाजपा ने देश और प्रदेश को बर्बाद करने की सुपारी ले रखी है। उन्होंने कहा कि, जनता की गलती से भाजपा का टेंडर निकल गया था लेकिन अब जनता ने गुजरात मॉडल को वेंटिलेटर पर और भाजपा को आईसीयू में पंहुचा दिया है। तंवर ने कहा कि भाजपा राहुल गांधी और कांग्रेस के बढ़ते जनाधार से बोखला गई है। बौखलाहट में भाजपा राहुल गांधी के गैर हिन्दू होने का प्रचार कर रही है। उन्होंने कहा कि, हार के डर के भाजपा ने छह उपचुनाव गुजरात और हिमाचल के साथ नहीं करवाए।

भाजपा सरकार द्वारा इन दिनों आयोजित किए जा रहे गीता जयंती समारोह को लेकर अशोक तंवर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए है। तंवर ने कहा की गीता जयंती में सरकार ने अपन चहेतों को टेंडर व स्टाल दिए है। जो कलाकार इस कार्यक्रम के लिए चुने गए हैं, उन्हें लाखों रूपये दिए जा रहे है। उनका कहना है कि, प्रदेश भर में गीता जयंती के नाम पर सौ रूपये की गीता छह सौ रूपये में बेंची जा रही है।

26 नवम्बर को जींद और जसिया में हुए सम्मेलनों में भाजपा नेताओं की मौजूदगी पर भी अशोक तंवर ने कड़ा रूख अपनाया है। अशोक तंवर ने कहा की भाजपा सोची समझी साजिश के तहत जातीय आधार पर ध्रुवीकरण करना चाहती है। कांग्रेस सरकार आने पर भाजपा द्वारा हरियाणा के हितों के खिलाफ किए गए फैसलों को निरस्त किया जायेगा। उन्होंने कहा की भाजपा में शामिल बहुत नेता कांग्रेस में आना चाहते  हैं, लेकिन अपने स्वार्थ में पार्टी छोड़कर गए लोगों की वापसी नहीं होगी।