अनिल विज के बयान पर विपक्ष का निशाना,कहा- विज खुद कर रहे शहीदों का अपमान

11/18/2017 4:04:27 PM

चंडीगढ़(ब्यूरो): हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर विवादित बयान के बाद विपक्ष ने विज पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि अनिल विज खुद शहीदों का अपमान कर रहे हैं। जनता सब देख रही है वो समय आने पर इन्हें अपमानित अौर धराशायी भी करेगी। 

तंवर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विज अौर भाजपा के लोग मुफ्त की पब्लिसिटी के लिए एेसे बयान दे रहे हैं। ये लोग चर्चा में रहने के लिए नैगेटिव बयान दे रहे हैं। चुनावों के दौरान ऐसी ही नैगेटिव वोटिंग इनके खिलाफ होगी। देश की जनता महात्मा गांधी को आदर्श मानती है। उनकी कुर्बानी को याद करती है। भाजपा के मानने या न मानने से कोई फर्क नहीं पड़ता है। जनता चुनावों के समय में इसका सबक सिखाएगी। 

उल्लेखनीय है कि महात्मा गांधी पर गाए गीत "ले दी हमें आजादी बिना खड्क बिना ढाल, साबरमती के संत तूने कर दिया कमाल" पर अनिल विज ने टिप्पणी की थी कि  ये गीत देश के लिए शहीद हुए शहीदों का अपमान है। ये गीत इतिहास के अनुकूल नहीं है। लोगों को यह गीत सुनाकर गुमराह किया जाता है क्योंकि देश की आजादी के लिए बहुत से लोगों ने अपनी जाने दी हैं। भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, सुभाष चंद्र बोस की कुर्बानियों को क्यों भुलाकर ये कहा जा रहा है कि हमें आजादी बिना खड्ग अौर बिना ढाल के मिली है। देश की आजादी में उनका भी योगदान है।