तंवर का ''आप'' पर निशाना, कहा- हरियाणा में आइटम सांग करने आते हैं केजरीवाल

3/29/2018 9:12:24 AM

रोहतक(ब्यूरो): हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल हरियाणा में घुसने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें बार्डर पर ही रोकना होगा। हरियाणा की राजनीति में उनका कोई वजूद नहीं है और वह केवल आइटम सांग करने आते हैं। हिसार रैली में यह साफ हो गया है कि हरियाणा में 'आप' का कोई वजूद नहीं है। पैसे देकर भी न तो 'आप' और न ही भाजपा लोगों की भीड़ जुटा पा रही है। इसलिए आने वाले समय में कांग्रेस पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी और राहुल गांधी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा।  तंवर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा राज में आज हर तरफ धरने-प्रदर्शन हो रहे हैं। कर्मचारी व किसान सड़कों पर बैठे हैं। भाजपा केवल गाय, गीता, गायत्री व सरस्वती के नाम पर लोगों को बरगलाने का प्रयास कर रही है। भावांतर योजना की बात करने वाली भाजपा के राज में किसान अपनी फसलों को जलाने पर विवश हो रहा है। उन्होंने 3 दिन चली एग्री समिट पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 3 दिन भाजपा ने मेला लगाया, लोगों को पैसे देकर भीड़ जुटाने का प्रयास किया लेकिन मेले में मंत्री अकेला, भीड़ कहां से आएगी। 

तंवर ने आरोप लगाया कि भाजपा और 'आप' आपस में मिले हुए हैं। दिल्ली में भी 'आप' भाजपा के समर्थन से बनी थी और हरियाणा में भी केजरीवाल शायद इसी उद्देश्य के चलते सक्रिय हो रहे हैं लेकिन उन्हें हरियाणा की राजनीति में घुसने नहीं दिया जाएगा।
 

Punjab Kesari