कालका पहुंचे तंवर, साइकिल यात्रा शुरू करने से पहले किया मां काली का पूजन

3/5/2018 11:28:07 AM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): आज हरियाणा विधानसभा सत्र शुरू होने वाला है। वहीं विपक्ष ने भी सरकार को घेरने की सारी तैयारियां कर ली है। आज तंवर की अध्यक्षता में साइकिल रैली निकाल विधानसभा का घेराव किया जाएगा।जिसको लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने साइकिल यात्रा शुरू करने से पहले ऐतिहासिक व आध्यात्मिक पुरातन मां काली के मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया। 

तंवर आज से पूरे हरियाणा में साइकिल यात्रा शुरू कर रहे हैं। जिसका प्रथम चरण आज शुरू किया गया है। तंवर के साथ उनके प्रमुख सिपहसालारों में शामिल तरुण भंडारी, कुलदीप सोनी शामिल हैं। इस यात्रा के लिए राहुल गांधी और तंवर के करीब 40 हजार मुखौटे तैयार कराए गए हैं। हर साइकिल पर 7 फीट का झंडा लगाया जाएगा।

तंवर की अध्यक्षता में यह यात्रा पहले चंडीगढ़ के लिए कूच करेगी। इसके बाद साइकिल यात्रा पंचकूला के गुरुद्वारा नाडा साहिब पहुंचेगी और यहीं पर रात्रि ठहराव होगा। 6 मार्च को सुबह नारायणगढ़, 7 को मुलाना, 8 को जगाधरी, 9 को कुरुक्षेत्र, 10 को अम्बाला और 11 को पिहोवा पहुंचेगी। पिहोवा में बड़ी जनसभा के साथ पहले चरण की यात्रा सम्पन्न होगी।