कॉमनवेल्थ में 2 बार गोल्ड विजेता रहे अशोक की कैंसर से मौत

11/24/2017 2:36:37 PM

झज्जर(का.प्र.):कॉमनवैल्थ गेम्स के 2 बार गोल्ड मैडलिस्ट नेवी सूबेदार पहलवान अशोक कुमार का कैंसर के चलते देहांत हो गया। गतदिवस को नेवी की सैन्य टुकड़ी ने अशोक कुमार को सलामी देकर अंतिम विदाई दी। गांव डीघल निवासी अशोक कुमार पिछले 16 साल से ग्रीको रोमन कुश्ती में विभिन्न प्रतियोगिताओं में देश व प्रदेश का नेतृत्व करते रहे। इसमें उन्होंने ग्रीको रोमन में 96 किलोग्राम भार वर्ग में ग्रीको रोमन कॉमनवैल्थ खेलों में स्वर्ण पदक हासिल कर देश का मान बढ़ाया था। यही नहीं 25 बार उन्होंने विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिताओं में देश का नेतृत्व किया।

पहलवान अशोक कुमार की खेल प्रतिभा का अंदाजा इसी बात से लगा सकते हैं कि लगातार 5 बार अपने भार वर्ग में ग्रीको रोमन कुश्ती में नैशनल चैम्पियन रहे व उनका सपना क्षेत्र को ऐसी खेल अकादमी देने का था, जिसमें अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सविधाएं दी जा सकें। फौज से रिटायर्ड उनके भाई नरेश कहते हैं कि उनका सपना दोनों बेटों व बेटी को भी कुश्ती के अखाड़े में उतार अपनी तरह अंतर्राष्ट्रीय स्तर का पहलवान बनाना था। पहलवान अशोक के अंतिम संस्कार में सेना के दिल्ली स्थित आई.एन.सी.बी. के नेवी सैक्रेटरी ए.के. बहल व ज्वाइंट कमांडैंट विजय कुमार के साथ नेवी की सैन्य टुकडिय़ों ने उन्हें सम्मान स्वरूप सलामी दी।