पुलवामा हमले की खबर अमेरिका को दो दिन पहले से ही थी: तंवर

2/21/2019 8:19:53 PM

पंचकूला(उमंग): पुलवामा हमले को लेकर कांग्रेस प्रदेश डॉ. अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा है कि अमेरिका को 2 दिन पहले से ही इस घटना के होने की खबर थी। इंदिरा गांधी के समय मे पाकिस्तान में जिस तरह सन्नाटा पसरा था, इस केंद्र सरकार को भी वैसा ही कुछ करके दिखाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग भी यही चाहते हैं, लेकिन मौजूदा सरकार में राजनैतिक इच्छाशक्ति का अभाव है।

उन्होंन कहा कि जो भी हिंदुस्तान की तरफ गलत नजर से देखता है, हमें उस चुनौती को मजबूती से स्वीकार करते हुए उसका कड़ा जवाब देना चाहिये। जिस तरह सर्जिकल स्ट्राइक का राजनैतिकीकरण किया गया, अब पुलवामा हमले में भी कुछ नहीं हुआ। सरकार अगर कुछ करती तो ऐसे हालात न बनते, जबकि अमेरिका को 2 दिन पहले ही इस घटना की जानकारी थी। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ ने हेलीकाप्टर मांगे, लेकिन उन्हें नही दिए गए, इसमें बड़ी-बड़ी साजिशें दिखती हैं।

वहीं उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में जनता भाजपा व इनैलो व जेजेपी को ठिकाने लगाएगी। इनैलो व जेजेपी तो चंगू-मंगू हैं, जबकि प्रदेश में एकतरफा कांग्रेस की तरफ माहौल है। बजट को लेकर तंवर ने कहा कि बजट के बाद निराशा तय है क्योंकि हरियाणा के लोगों पर और कर्जा बढ़ेगा। भाजपा ने भ्रष्टाचार किया, पैसा खाया, स्वच्छता के नाम पर हरियाणा को देखें तो पूरा हरियाणा आज गन्दगी के ढेर में है।

वहीं उन्होंने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बदले जाने को लेकर पूछे सवाल पर कहा, अब तो समय सरकार बदलने का है, प्रदेशाध्यक्ष बदलने का नहीं। तंवर आज पंचकूला में हरियाणा महिला कांग्रेस ट्रेनिंग कैम्प में शिरकत करने पहुंचे थे, जहां उन्होंने हरियाणा महिला कांग्रेस के कार्यों की जमकर सराहना की।

Shivam