अशोक चक्र पर लगी अष्टमंगला छत्रावली बरसात व तेज हवा के कारण गिरी नीचे, बड़ा हादसा होने से टला

2/4/2022 2:07:44 PM

रादौर (कुलदीप सैनी) : रादौर के गांव टोपरा कलां के अशोका एडिक्ट्स पार्क में तीन महीने पहले स्थापित की गई अष्टमंगला छत्रावली बरसात व तेज हवा के कारण नीचे गिर गई, जिससे इसके निर्माण पर सवाल उठ रहे है। गनीमत यह रही है कि जिस वक्त यह छत्रावली नीचे गिरी तो पार्क में कोई नहीं था। अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था। पिछले वर्ष नवंबर में यह छत्रावली यहाँ ऐतिहासिक अशोका पार्क में अशोक चक्र के ऊपर लाखों रुपए खर्च कर लगाई गई थी, लेकिन तीन माह बाद ही यह छत्रावली ढह गई।

टोपरा कलां के समाजिक कार्यकर्ता मास्टर सुरेंद्र कुमार ने बताया कि जिस तरह से यह छत्रावली नीचे गिरी कोई हादसा भी हो सकता था। उन्होंने बताया कि अगर यह छत्रावली अशोक चक्र के ऊपर गिर जाती तो बड़ा नुकसान हो जाता। वहीं उन्होंने कहा कि इस कार्य को संस्था के माध्यम से न करवाकर सरकार को खुद करना चाहिए, ताकि इस कार्य में गुणवत्ता आए और इसका रख-रखाव भी सही तरीके से हो सके।

बताया जा रहा है कि गांव टोपरा कलां के ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए वर्ष 2017 में अशोका एडिक्ट्स पार्क में भारत के सबसे ऊँचे अशोक चक्र को स्थापित किया गया था। छत्र सम्मान का प्रतीक माना जाता है, इसलिए अशोक चक्र पर भी नवंबर 2021 में यह छत्रावली लाखों रुपए खर्च कर यहाँ स्थापित की गई थी, लेकिन तीन महीनों में ही यह छत्रावली ढह गई। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana