निर्धारित समय पर ही होंगे विधानसभा चुनाव : ग्रोवर

7/6/2018 9:34:04 AM

चंडीगढ़(बंसल): हरियाणा में राजीतिक दलों की बढ़ती सक्रियता से यह चर्चा बल पकड़ गई थी कि प्रदेश में लोकसभा के साथ ही विधानसभा चुनाव होंगे, लेकिन आज मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई मंत्री समूह की बैठक इस मुद्दे पर सभी मंत्री एकमत हो गए कि विधानसभा चुनाव निर्धारित समय पर ही करवाए जाए क्योंकि भाजपा नेता किसी भी तरह का रिस्क लेने के मूड़ में नहीं हैं। 

बैठक के बाद सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने पत्रकारों को स्पष्ट कर दिया कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव निर्धारित समय पर यानी अक्तूबर 2019 में ही होंगे। मंत्री मनीष ग्रोवर और मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने फिर जोर देकर दोहराया कि लोकसभा चुनाव कब होंगे, यह केंद्रीय चुनाव आयोग पर निर्भर है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यदि केंद्रीय चुनाव आयोग लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ भी करवाता है तो पार्टी और सरकार इसके लिए तैयार हैं। 

धान के समर्थन मूल्य वृद्धि के लिए मोदी को भेजा जाएगा धन्यवाद पत्र : मुख्यमंत्री मनोहर लाल के निवास पर हुई मंत्री समूह की बैठक में आधा दर्जन मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में धान की खरीद और उठान की तैयारियों के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 200 रुपए किंव्टल की बढ़ौतरी पर राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद पत्र भेजने का निर्णय लिया है। 

हरियाणा रोडवेज के बेड़े में 700 प्राइवेट बसें शामिल होने जा रही हैं क्योंकि मंत्रिसमूह की बैठक में आज इस मामलें पर सहमति की मोहर लग गई। हालांकि, रोडेवज कर्मचारी इस योजना को लगातार विरोध कर रहे हैं। यह बसें सरकार निजी प्लेयर्स से किराए पर लेगी। मंत्री मनीष ग्रोवर और मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने बताया कि बसें किन रूट पर चलेंगी, यह भी सरकार तय करेगी। 

Deepak Paul