अटेली नपा उपचुनाव: 5 में से 3 अयोग्य ठहराए गए पार्षद फिर जीते

9/13/2021 4:17:16 PM

अटेली (योगेंद्र सिंह): अटेली नगर पालिका के पांच वार्डों के उपचुनाव में तीन पार्षद वह जीते जिन्हें पहले अयोग्य ठहराया गया था। वर्तमान व पूर्व चेयरमैन के बीच एक राय होने के कारण चुनाव में कहीं पर भी कड़ा मुकाबला देखने को नहीं मिला। इसी के चलते चुनाव भी पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए। वार्ड सात से हितेश मुदगिल चुनाव जीते जबकि पहले इस वार्ड से उनके पिता अजय मुदगिल पार्षद थे। 

वहीं वार्ड नौ से शिवानी चुनाव जीतीं इसके पहले इस वार्ड से उनकी चाची सुनीता पार्षद थीं। सुनीता की कोरोना से मौत होने के चलते सीट खाली हुई थी। वार्ड तीन से पूर्व चेयरमैन बोहतराम के पोते कृष्ण पराजित हुए और यहां से अश्वनी चुनाव जीते। वार्ड चार से संजय गोयल चौथी बार पार्षद चुने गए। वार्ड सात से हितेश मुदगिल, वार्ड आठ से जितेंद्र सिंहल व वार्ड नौ से शिवानी चुनाव जीतीं। वार्ड सात से हितेश मुदगिल सबसे छोटी उम्र 21 साल पार्षद बने। कुछ जगह मतदाता सूची में खामियां भी सामने आईं और लिस्ट में नाम नहीं होने पर बिना वोट डाले ही लोगों को लौटना पड़ा।

Content Writer

Shivam