हरियाणा में ATS का गठन, नोटिफिकेशन जारी...गुरुग्राम समेत 2 जगह खुलेंगे एंटी-टेररिज्म पुलिस थाने
punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 04:41 PM (IST)
चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने राज्य में आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और आतंकवाद व संगठित अपराधों (Organized Crime) पर नकेल कसने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश में अधिकारिक तौर पर एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) के गठन का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। इस नई विशेष विंग का मुख्य उद्देश्य राज्य में देशविरोधी गतिविधियों को रोकना और आतंकी नेटवर्क को ध्वस्त करना होगा।
सरकार द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, ATS के ढांचे को प्रभावी बनाने के लिए विशेष इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। हरियाणा ATS का मुख्य मुख्यालय (Headquarters) पंचकूला में स्थापित किया जाएगा, जहां से पूरे राज्य की गतिविधियों की मॉनिटरिंग होगी। राज्य में दो विशेष पुलिस थाने खोले जाएंगे, जिनके पास आतंकवाद से जुड़े मामलों की जांच का विशेष अधिकार होगा। पहला थाना गुरुग्राम (Gurugram) में खुलेगा, जो दिल्ली-NCR और कॉर्पोरेट हब की सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील है। दूसरा थाना पंचकूला (Panchkula) में मुख्यालय के साथ ही संचालित किया जाएगा।

क्यों पड़ी ATS की जरूरत?
हाल के दिनों में दिल्ली-NCR और हरियाणा में एक्टिव गैंगस्टरों के तार विदेशों में बैठे आतंकियों और राष्ट्रविरोधी ताकतों से जुड़ने के मामले सामने आए हैं। विशेष विंग होने से खुफिया इनपुट्स पर बिना किसी देरी के तुरंत एक्शन लिया जा सकेगा। इस स्क्वाड को आधुनिक हथियारों, सर्विलांस तकनीकों और विशेष रूप से ट्रेंड कमांडो व जांच अधिकारियों से लैस किया जाएगा।