यमुनानगर में नगर निगम व पुलिस के कर्मचारियों पर हुआ हमला

9/13/2018 8:12:05 PM

यमुनानगर(सुमित ओबरॉय): यमुनानगर में नगर निगम कर्मचारियों व पुलिस कर्मियों पर कुछ शरारती तत्वों ने जानलेवा हमला बोला। हमले में दो निगम कर्मी और दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। दरअसल, निगम टीम वीरवार को प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस अमले के साथ शहर के रिहायशी इलाकों में बनी डेयरियों को शिफ्ट करवाने के लिए गई थी।

जैसे ही टीम भाटिया नगर में एक डेयरी पर कार्रवाई करने पहुंची तो डेरी वालों ने बिना कुछ जाने टीम का विरोध करते हुए हमला कर दिया। जिस हमले में चारों अधिकारी घायल हो गए।

यमुनानगर जगाधरी नगर निगम के चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर अनिल ने बताया कि आज नगर निगम द्वारा डायरियों को शिफ्ट कराने का काम किया जा रहा था। कुछ डेयरियां जो यहां से शिफ्ट हो चुकी थी वह वापस आ गई है उन पर कार्रवाई की जा रही थी ।

आज नगर निगम के कार्यकारी अधिकारी दीपक सूरा और हमारी टीम के साथ डेढ़ सौ पुलिस कर्मचारी 100 निगम कर्मचारी थे। जैसे ही हमारी टीम भाटिया नगर में पहुंचे तो डेरी वालों ने कर्मचारियों पर हमला कर दिया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

जिसके बारे में हमने अधिकारियों को बताया और इस मामले में सख्त एक्शन लिया जाएगा। यमुनानगर सिटी एसएचओ  नरेंद्र राणा ने बताया कि हमला करने वाले लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Rakhi Yadav