गांव पाठखोरी में गोहत्या रोकने गई पुलिस पर जानलेवा हमला, दो पुलिसकर्मी घायल

5/16/2019 4:20:05 PM

मेवात(एके बघेल): नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका उप मंडल के गांव पाठखोरी में गोहत्यारों ने उस समय पुलिस पर जानलेवा हमला कर दिया, जब पुलिस ने उन्हें गोहत्या करते हुए रंगे-हाथों पकडऩे की कोशिश की। आरोपियों ने यहां पुलिस पर पथराव कर दो पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया साथ ही उनकी गाड़ी को भी तोड़ दिया। आरोपी लगभग 100 किलो गोमांस व गोहत्या में इस्तेमाल होने वाले हथियारों सहित फरार हो गए। 

हालांकि, पुलिस ने मुकाबला किया और 50 किलो गोमांस बरामद करने में कामयाब रही। इस दौरान दो पुलिसकर्मी मोहन लाल सहित एक अन्य जवान घायल हो गए। घटना के बाद से सभी आरोपित फरार हैं। पुलिस ने इस संदर्भ में करीब 20 से 25 लोगों पर आधा दर्जन से अधिक विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जबकि 1 महिला सहित 5 लोगों को नामजद किया जा चुका है।

पुलिस पर हमला कर छुड़ा ले गए बरामद सामान
जांच अधिकारी जुगल किशोर ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे फिरोजपुर झिरका पुलिस के जवान गांव पाठखोरी में गोहत्या रोकने के लिए गए हुए थे। इसी बीच पुलिस ने एक मकान में छापेमारी कर आरोपितों को रंगे हाथों पकड़ लिया। लेकिन यहां करीब 20 से 25 लोगों ने पुलिस पर अचानक पथराव कर गौतस्करों के भागने में मदद की। साथ ही मौके से बरामद गाय की खाल के अलावा गौकसी में इस्तेमाल औजार व गौ मांस को ले जाने में कामयाब हो गए।

महिला सहित पांच के खिलाफ मामला दर्ज
जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में पाठखोरी के हारुन, सरफा, कुद्दुस, शेकुल, खालिद और फरमीना नाम की एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसके अलावा इस मामले में पुलिस ने 20 से 25 अन्य लोगों को इस मामले में आरोपित बनाते हुए लगभग आधा दर्जन से अधिक संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाही शुरू कर दी है।

इसी गांव ने सीएम मनोहर को गाय भेंट कर दी थी भाईचारे की मिसाल
बता दें कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के फिरोजपुर झिरका गौपालक सम्मेलन में इसी गांव के मौजिज लोगों द्वारा गाय भेंट कर भाईचारे की मिसाल पेश की गई थी। लेकिन गत दिनों से इस गांव मे हो रहे गौ वध को लेकर पुलिस की पैनी नजर बनी थी। छापेमारी के दौरान फोटो व वीडियो इस बात की गवाह है कि गांव में गौकसी हो रही थी और आरोपी खुलेआम इस कार्य को अंजाम दे रहे थे।

Shivam