युवक पर तेजधार हथियार से हमला, पी.जी.आई. में मौत

11/17/2019 10:29:07 AM

अम्बाला छावनी (जतिन): कैंट के सामान्य बस अड्डे पर शुक्रवार की देर रात अम्बाला सिटी के मनमोहन नगर के 22 वर्षीय सोनू पर आधा दर्जनभर युवकों ने जानलेवा हमलाकर लहूलुहान कर दिया। घायल सोनू के साथ सुरेंद्र नूरी भी घायल हुआ और हमले के बाद सोनू को खून से लथपथ लेकर कैंट के नागरिक अस्पताल पहुंचा। जहां पर अस्पताल के डाक्टरों द्वारा सोनू को प्राथमिक उपचार देने के बाद पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर  कर दिया।  जहां पर उपचार के दौरान सोनू की मौत हो गई। बस स्टैंड पर घटी इस घटना के बाद घटनास्थल का पड़ाव थाना के एस.एच.ओ. अजैब सिंह और सी.आई.ए. स्टाफ के अलावा लालकुर्ती चौकी पुलिस ने मौका देखा और आगामी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने इस मामले में मृतक के भाई मोनू के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है।

बताते हैं कि शुक्रवार की रात को नूरी के साथ सोनू सामान्य बस अड्डे पर था। इस दौरान कोई बातचीत हुई और करीब आधा दर्जन युवक सोनू और नूरी के पीछे भागे और काऊंटर नम्बर-14/15 के नजदीक युवकों ने सोनू को एक के बाद एक तेजधार हथियार से लहूलुहान कर दिया और फरार  हो गए।  सी.सी.टी.वी. में कैद हुआ मामला : पूरी वारदात घटी, उसके नजदीक ही सी.सी.टी.वी. कैमरा लगा हुआ था, जिसमें करीब आधा दर्जन से ज्यादा युवक हमले के लिए भागते हुए नजर आ रहे हैं।  पुलिस ने सी.सी.टी.वी. फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों तक पहुंचने की कार्रवाई शुरू कर  दी है।

Isha