वारदात: शौच के लिए खेतों में गई 10 वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म का प्रयास, मामला दर्ज

1/11/2022 6:44:50 PM

सोहना (सतीश): हरियाणा में महिला सशक्तिकरण के सैकड़ों अभियान चलाए जाने के बावजूद महिलाओं के प्रति अपराध बढ़ रहे हैं। हरियाणा के जिला गुरुग्राम के सोहना में एक दस वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि शौच के लिए खेत में गई लड़की का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।

पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता के पिता ने बताया कि वह पलवल जिले का रहने वाला है जो कई सालों से अपने परिवार सहित सोहना सदर थाने के एक गांव में रहता है और मेहनत मजदूरी का काम करता है। उसकी 10 साल की बेटी व 11 साल भतीजी शाम को करीब 6 बजे खेतों में शौच के लिए गई हुई थी। शौच के बाद दोनों वापिस घर के लिए आ रही थी तो तभी अचानक पीछे से लोहटकी गांव के रहने वाले टिक्कल नामक युवक ने दोनों लड़कियों को पीछे से आकर पकड़ लिया व सरसों के खेत में खींचने लगा। इतने में भतीजी ने आरोपी को मुंह से काट लिया और शोर मचाया। शोर की आवाज सुन कर परिजन उसकी ओर दौड़े तो आरोपी युवक लड़की को छोड़कर भागने लगा, जिसे परिजनों ने  दिल्ली बड़ोदा एक्सप्रेस वे के पास पकड़ लिया। 

बताया गया कि आरोपी युवक के जानकर रवि नामक युवक ने गांव लोहटकी में फोन कर पांच-छ: अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। जिन्होंने आरोपी युवक टिक्कल को परिजनों से जबरजस्ती छुड़ा लिया। इसके बाद पीड़िता के पिता ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर मामले की जानकारी दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद आरोपी युवक के खिलाफ किडनैप कर दुष्कर्म करने के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Writer

Shivam