अपहरण का प्रयास: महिला की हिम्मत के आगे बदमाश हुए पस्त, भागे (VIDEO)

12/18/2018 10:40:20 AM

सोहना(सतीश राघव): महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जहां सरकार व पुलिस प्रशासन लाख दावे करती हो पर बदमाशों के आगे सभी दावे हवा-हवाई साबित होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला सोहना की जखोपुर कालोनी का है। जहां रविवार रात बदमाशों ने एक घर पर धावा बोल एक महिला के जबरन अपहरण का प्रयास किया। महिला द्वारा बदमाश के हाथ पर काट लिए जाने से बदमाशों के हौसले पस्त हो गए वह उसे छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत मे बताया है कि उसकी शादी 4 महीने पहले हुई थी। वह अपने पति, देवर व सास के साथ जखोपुर मे रहती है। 



बीती देर रात करीब 1 बजे उसके घर का दरवाजा खटखठाया गया। महिला ने पति को समझकर दरवाजा खोल दिया। दरवाजा खोलते ही दो नकाबपोश बदमाश युवती को पकड़कर जबरन उठाकर ले जाने लगे। महिला ने हिम्मत दिखाकर एक बदमाश के हाथ पर दांतों से काट लिया व शोर मचा दिया, जिससे बदमाशों के हौसले पस्त हो गए व बदमाश महिला को गली में छोड़कर मौके से फरार हो गए।



सोहना सदर थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Rakhi Yadav