घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म का प्रयास, शोर मचाने पर आरोपी फरार

9/19/2019 10:26:52 AM

भिवानी (ब्यूरो): गांव आसलवास मरहेटा में मंगलवार रात कुछ युवकों ने एक मकान में घुसकर एक महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास करते हुए उसके साथ छेड़छाड़ कर दी। इसके अलावा इस वारदात को अंजाम देने वालों ने महिला की बेटी की भी पिटाई करते हुए धमकी देते हुए कहा कि वे या तो गांव छोड़कर चले जाएं अन्यथा उन्हें जान से मार दिया जाएगा।

लिस ने महिला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। इस बारे में मूल रूप से उत्तर प्रदेश निवासी और फिलहाल आसलवास मरहेटा में रह रही एक महिला ने बताया कि वे यहां मेहनत-मजदूरी कर अपना काम चला रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मंगलवार रात वे सोए हुए थे तो करीब एक बजे गांव के जसवीर और राकेश नामक युवक उनके घर में चाकू लेकर घुस आए। महिला ने बताया कि उसके बाद उन युवकों ने बदनीयती से उसके कपड़े फाड़ दिए और उन्होंने कहा कि वे सरपंच के भाई हैं। इसलिए उनका कुछ नहीं बिगड़ सकता। 

मुंह पर पट्टी बांध किया दुष्कर्म का प्रयास 
महिला ने बताया कि इसके बाद उन युवकों ने उसके मुंह पर पट्टी बांधकर उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। इसके अलावा उन युवकों ने उसकी बेटी की भी पिटाई कर दी। यह देख उसके पति ने शोर मचाना शुरू किया तो दोनों युवक वहां से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि दोनों युवक शराब के नशे में धुत्त थे और उसे धमकी देते हुए गए कि अगर वह उनके साथ नहीं रही तो वे उन्हें जान से मार देंगे। इसके अलावा उन्होंने कहा कि वे गांव के मालिक हैं, इसलिए वे या तो गांव छोड़कर चले जाएं अन्यथा उन्हें जान से मार दिया जाएगा। 

गांव के युवक ने की मदद 
महिला ने बताया कि उनका शोर सुनकर गांव के एक युवक सुमीत ने आकर उनकी मदद की। उसे देखकर ही वे युवक उनके घर से फरार हुए, अन्यथा वे रात को ही उनके साथ कुछ न कुछ गलत काम जरूर करते। इसके बाद बुधवार सुबह उन्होंने इसकी शिकायत जुई चौकी में दी। पुलिस ने उनकी शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, दुष्कर्म का प्रयास, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कर लिया। 

Isha