बिजली उपभोक्ता ध्यान दें ! बिजली दरों में अभी नहीं होगी बढ़ोतरी...हरियाणा सरकार का राहत भरा फैसला

punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 07:58 PM (IST)

चंडीगढ़ : हरियाणा के लाखों बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (HERC) ने वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए बिजली दरों को यथावत रखने का फैसला किया है। इस निर्णय से प्रदेश के कुल 83,79,739 उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। नया टैरिफ 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा।

आयोग ने यह फैसला विस्तृत विचार-विमर्श और सुनवाई के बाद लिया। यह सुनवाई उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा दायर वार्षिक राजस्व आवश्यकता (ARR) याचिकाओं के आधार पर की गई थी।

जानकारी के अनुसार, दोनों बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम्स) ने आयोग के समक्ष लगभग 4,484.71 करोड़ रुपये के राजस्व घाटे का अनुमान पेश किया था। इसके बावजूद आयोग ने उपभोक्ताओं के हित को प्राथमिकता देते हुए बिजली दरों में किसी भी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं करने का निर्णय लिया।

ऊर्जा क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि यह फैसला आम जनता के लिए राहत देने वाला है, खासकर ऐसे समय में जब महंगाई का दबाव बना हुआ है। बिजली दरों को स्थिर रखने से घरेलू, कृषि और छोटे व्यावसायिक उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत मिलेगी। आयोग के इस फैसले को राज्य सरकार की उपभोक्ता हितैषी नीति के रूप में देखा जा रहा है, जिससे प्रदेश के लाखों परिवारों को सीधा फायदा पहुंचेगा।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)        

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static