गुुहला से जेजेपी विधायक का ऑडियो वायरल, महिला ने लगाए बेरुखे शब्द प्रयोग करने के आरोप

2/6/2020 1:18:45 AM

चंडीगढ़(धरणी): अपने वयोवृद्ध माता-पिता को इंसाफ दिलाने की आस में दर-दर की ठोकरें खा रही महिला कुलदीप कौर ने गुहला विधायक ईश्वर सिंह पर पर बेरूखे शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। इस बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है। जिसमें विधायक ईश्वर सिंह महिला से कह रहे हैं, ''तू क्या मेरे ऊपर क्या अफसर लगी हुइ है।'' वहीं महिला का कहना है कि उसकी फरियाद ना अफसर सुन रहे, ना कर्मचारी सुन रहे, ना ही कोई और सुन रहा और जिसे फरियाद सुनना था उसने भी लताड़ लगा दी। महिला ने कहा कि ऐसे में फरियादी आखिर कहां जाए? 

क्या है मामला -
गांव सीवन निवासी बुजुर्ग बलविंदर सिंह और उनकी पत्नी दलबीर कौर ने बताया कि उनके बेटे और बहू ने मारपीट कर उनको घर से बाहर निकाल दिया था, जिसकी शिकायत उन्होंने उपायुक्त कैथल को दी थी। उपायुक्त कैथल ने वृद्ध दलवीर कौर और बलविंदर सिंह की शिकायत उनके लड़के को घर खाली करने के आदेश दिए थे। जिसके लिए उन्होंने ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार गुहला विरेंद्र सिंह और पुलिस बल को घर खाली ना करने पर वृद्ध माता-पिता को कब्जा दिलाने के आदेश दिए थे। 

वृद्ध बलविंदर सिंह और दलबीर कौर ने कहा कि नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह और पुलिस ने उनके लड़के के साथ मिलीभगत करके उनको मकान का कब्जा नहीं दिलाया। बल्कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार वीरेन्द्र सिंह और पुलिस ही उनके साथ ही दुव्र्यवहार करने लगी। इस बारे उन्होंने जब दोबारा उपायुक्त कैथल से संपर्क किया तो उपयुक्त कैथल ने भी उनको कोई संतुष्ट उत्तर नहीं दिया। 

जब अफसरशाही ने उनकी नहीं सुनी तो वृद्ध माता पिता अपनी बेटी कुलदीप कौर के साथ अपनी फरियाद लेकर स्थानीय जेजेपी विधायक ईश्वर सिंह के पास उनके कार्यालय पहुंचे। लेकिन वहां उन्हें विधायक नहीं मिले और वह लगातार विधायक से मिलने के लिए 1 सप्ताह तक आते रहे। आरोप है कि जब उन्होंने विधायक ईश्वर सिंह से फोन पर संपर्क किया तो ईश्वर सिंह ने वृद्ध माता-पिता की फरियाद लेकर पहुंची लड़की से पहले तो फोन पर लताड़ लगाई। इसके बाद जब विधायक ईश्वर सिंह अपने कार्यालय पहुंचे तो उन्होंने उनके वृद्ध माता-पिता और लड़की को अपशब्द भी कहे। 

इसके अतिरिक्त लड़की कुलदीप कौर ने बताया कि उनकी चार बहने हैं ओर वे अपने वृद्ध हो चुके माता पिता को इंसाफ दिलाने निकली थी। उन्होंने बताया कि उनकी माता कैंसर रोग से भी पीड़ित हैं। कुलदीप कौर ने विधायक पर गाली गलौच करने के भी आरोप लगाए हैं।

महिला व विधायक के बीच हुई बातचीत-
महिला पंजाबी में बोलती हैं - हैलो, सत श्री अकाल सर जी,
विधायक - कौन ? 
महिला-सर जी हम वो सीवन से बोल रहे हैं जी आपने कल फोन करया था कि वई चीका आएंगे, कब आओगे जी, कितने बजे सी। 
विधायक ईश्वर सिंह - अरे तू तो बहुत ज्यादा तेज है बड़ी जो है न टाम....(गुस्से में) तु क्या टेम टूम अफसर लगरी है मेरे पर, चाहो तन बार बार टेलीफोन करती है अटैंड तो,
महिला- नही नहीं अफसर तो नही पूछ रही हूं मैं तो, 
विधायक ईश्वर सिंह - क्या है तू बकवास कर री है जो न, तेरे को कल कहा मैंने जो है मैं आउंगा कैं बज के कितनी मिंट पर आऊं तेरे वास्ते। 
महिला - सॉरी जी।        ....फोन कट गया।

इस संबंध में विधायक ईश्वर सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह एक सामान्य बात है। संबंधित महिला का फोन आया था और उन्होंने समान्य तौर पर ऐसा कह दिया होगा। उन्होंने कहा कि यह सामान्य बात है कोई तूल देने वाली बात नहीं है। उन्होंने कहा कि वे 72 वर्ष के हो चुके हैं और हरियाणा के सबसे वृद्ध विधायक हैं महिला से उन्होंने कोई अपशब्द नहीं कहे। 

क्या कहते हैं पूर्व विधायक
पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने कहा कि ईश्वर सिंह खुद को एक पढ़ा-लिखा नेता कहते हैं, लेकिन उनका बात करने का तरीका उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि पढ़ा लिखा होना आपको शालीनता से बात करना नहीं सिखाता तो इससे अच्छा तो अनपढ़ होना ही बेहतर है।

क्या कहते हैं हलका प्रधान
इस विषय में हलका प्रधान अवतार सीड़़ा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नही है फिर भी जानकारी हासिल करेंगे। यदि विधायक ने ऐसा कहा है तो गलत है। लेकिन वे एक वृद्ध विधायक हैं कई बार कुछ कह भी देते हैं तो बाद में उस बात को सुधार भी लेते हैं। 

Shivam